बांदा में किशोर की मौत को परिजनों ने बताया संदिग्ध, बोले- मारपीट के बाद नदी में फेंकने की आशंका

बांदा में किशोर की मौत को परिजनों ने बताया संदिग्ध, बोले- मारपीट के बाद नदी में फेंकने की आशंका

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा शहर में चार नवंबर को नदी में मिले 13 वर्षीय अनुज चौहान के शव को लेकर अब नए सवाल खड़े हो गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबने से सांस रुकना बताया गया है, लेकिन मृतक के परिवार की ओर से पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में इसे सामान्य हादसा मानने पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की गई है। शरीर पर चोट, खरोंच और जलाए जाने जैसे निशान होने के साथ ही मृतक के कपड़े गायब होने और दूसरे की चड्ढी पहने होने का दावा किया गया है।

सोमवार को मृतक अनुज चौहान के परिजनाें ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और मृतक के दोस्तों से पूछताछ कराने की मांग की गई। पुलिस अधीक्षक ने जांच का भरोसा दिया है। शहर के लोनिया मोहल्ला निवासी अनुज चौहान पुत्र स्व. राकेश चौहान महज 13 वर्ष का था। उसके माता-पिता की काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी थी। परिवार में नौ साल का छोटा भाई है। दोनों भाइयों का पालन-पोषण मोहल्ले के लोगों के सहयोग से हो रहा था। प्रार्थना पत्र के मुताबिक दो नवंबर की रात करीब 8:15 बजे तक अनुज को लोगों ने अशोक लाट और कचहरी के आसपास देखा था। रात दस बजे तक घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

तीन नवंबर को पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी गई। अगले दिन चार नवंबर को करीब 11:30 बजे नदी में एक किशोर का शव मिलने की सूचना मिली। पहचान करने पर वह अनुज निकला। पांच नवंबर को शव दफना दिया गया।

प्रार्थना पत्र में सवाल उठाया गया है कि अनुज जब कभी नदी की ओर नहीं जाता था तो रात में शहर के बीच से अचानक सुनसान नदी किनारे कैसे पहुंच गया? जिस स्थान पर उसका शव मिला, वह इलाका सुनसान और भयावह बताया गया है। नाव घाट के कुछ लोगों से मिली जानकारी का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि शव ‘लछवा का नरवा’ के मुहाने पर मिला था, जिसे बाद में केवटों ने पैर बांधकर नाव घाट के किनारे तक पहुंचाया था।

परिजन प्रदीप ने शव की स्थिति को लेकर भी कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि पानी में डूबने से मौत होने के बावजूद शव का पेट सामान्य था। शरीर पर चोट, खरोंच और किसी चीज से जलाए जाने जैसे निशान थे। अनुज ने जो चड्ढी पहन रखी थी, वह उसकी नहीं थी और उसके अपने कपड़े भी बरामद नहीं हुए। इन परिस्थितियों के आधार पर आशंका जताई गई है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर अधमरी हालत में नदी में फेंक दिया गया। प्रार्थना पत्र में किशोर के साथ यौन उत्पीड़न की आशंका जताते हुए इसकी भी जांच कराने की मांग की गई है।

परिजन प्रदीप ने यह भी दावा किया है कि अनुज की मौत के बाद मोहल्ले के कुछ ऐसे लड़के गायब हैं, जो उसके साथी थे। इसके अलावा कुछ वर्ष पहले उसके मकान पर कब्जे के प्रयास और नवरात्र विसर्जन के दौरान अनुज के साथ मारपीट की घटना का भी जिक्र किया गया है। इन पुरानी घटनाओं को भी जांच के दायरे में लाने की मांग की गई है।

परिजन प्रदीप चौहान ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले को महज नदी में डूबने की घटना मानकर समाप्त न किया जाए, बल्कि सभी परिस्थितियों और संदेह के बिंदुओं की गंभीरता से जांच कराई जाए। मृतक के दोस्तों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल, शव मिलने की परिस्थितियों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की भी गहनता से पड़ताल की जाए। पुलिस अधीक्षक ने प्रार्थना पत्र पर जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर से कराई जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *