हाथरस में सनसनीखेज वारदात, सेवानिवृत्त शिक्षक के बेटे की गोली मारकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

हाथरस में सनसनीखेज वारदात, सेवानिवृत्त शिक्षक के बेटे की गोली मारकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

हाथरस। उत्तर प्रदेश हाथरस जिले के मुरसान थाना क्षेत्र के गांव दयालपुर में शनिवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक सेवानिवृत्त शिक्षक के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुनील के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अलीगढ़ जनपद के इगलास क्षेत्र के असरोई गांव के निवासी थे। वह वर्तमान में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दयालपुर क्षेत्र में रहकर हार्डवेयर का व्यवसाय कर रहे थे।

शनिवार शाम पड़ोस का एक युवक अपने तीन साथियों के साथ कार से सुनील के घर पहुंचा और उन्हें अपने साथ ले गया। रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद सुनील को गोली मार दी गई। परिजनों के अनुसार गोली लगने के बाद आरोपित घायल सुनील को अस्पताल ले जाने के बजाय घायल अवस्था में करीब दो घंटे तक कार में लेकर इधर-उधर घूमते रहे। रात लगभग दस बजे परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपित सुनील को अस्पताल में छोड़कर फरार हो चुके थे। गंभीर हालत में सुनील को अलीगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता जयवीर सिंह ने आरोप लगाया है कि आरोपिताें और सुनील के बीच पैसों का लेन-देन था और इसी विवाद के चलते हत्या की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी मुरसान जे.एन. अस्थाना ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चार विशेष टीमों का गठन किया गया है।पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने जल्द ही सभी आरोपिताें की गिरफ्तारी का दावा किया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *