अजमेर। बंगलादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना की सितंबर के पहले सप्ताह में राजस्थान के अजमेर स्थित सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह की प्रस्तावित यात्रा को अंतिम रूप देने के लिए बंगलादेशी डिप्टी चीफ ऑफ प्रोटोकॉल का दल आज अजमेर आएगा।

अजमेर प्रशासन के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार दल कल एक सितंबर को अजमेर के कलेक्ट्रेट सभागार में स्थानीय प्रशासन, पुलिस तथा अन्य अधिकारियों के साथ यात्रा की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देगा। उसके बाद शेख हसीना की अजमेर यात्रा की तारीख का खुलासा किया जाएगा।

श्रीमती हसीना के अजमेर दरगाह आगमन से लेकर वापसी तथा दरगाह शरीफ के अंदर सुरक्षा इंतजामों को लेकर कल अजमेर में उच्च स्तरीय बैठक होगी और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी। दरगाह को वीवीआईपी आगमन के दौरान परंपरागत तरीके से खाली भी कराया जाएगा। बंगलादेश उच्च आयोग से सचिव द्वितीय जकरिया बिन अहमद गत 25 अगस्त को अजमेर दौरा कर दरगाह का जायजा ले चुके हैं। उन्होंने यहां दरगाह कमेटी कार्यालय में अधिकारियों के साथ बातचीत कर श्रीमती हसीना की यात्रा के लिए इंतजामों पर चर्चा की थी। इस दौरान जिला कलेक्टर अंशदीप एवं पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट भी मौजूद रहे।