हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बिवार थाना क्षेत्र में ससुराल गए युवक की संदिग्ध मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कस्बा बिवार निवासी 33 वर्षीय युवक डिपेंसी उर्फ रेवती रमण सिंह पुत्र सूर्यकांत सिंह की शादी थाना क्षेत्र के धनपुरा गांव निवासी देवेंद्र सिंह की पुत्री प्रांशी के साथ 20 अप्रैल 2024 को हुई थी। बताया गया कि विगत अगस्त माह में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद से पत्नी मायके में ही रह रही थी। बीते दिन युवक डिपेंसी अपनी ससुराल धनपुरा पहुंचा और घर के पीछे से दीवार फांदकर अंदर घुस गया। आहट मिलने पर साले शौर्य सिंह ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की गाड़ी को देखकर डिपेंसी घर की छत से होते हुए दूसरे घर की तरफ भागने लगा और दीवार पर चढ़कर निकलने का प्रयास करने किया, तभी पैर फिसलने से वह चचेरे ससुर मलय सिंह के आंगन में गिरकर अचेत हो गया। शोर सुनकर मलय सिंह ने भी 112 पर कॉल कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने चचेरे ससुर की गाड़ी से अचेत अवस्था में डिपेंसी को छानी सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएचसी के डॉक्टर आशुतोष ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं, नाक से खून बह रहा था।
साले शौर्य सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, 22 सितंबर को डिपेंसी अपने साथियों के साथ आकर घर पर गाली-गलौज और अभद्रता कर चुका है, जिसकी तहरीर अगले दिन थाने में दी गई थी। वह बिना बताए पीछे से घर में घुस आया था।
थानाध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को शाम बताया कि युवक का पैर फिसलने से नीचे गिरने पर मौत हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

