स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबी झांसी,हर घर लहराया तिरंगा

झांसी। उत्तर प्रदेश की वीरांगना नगरी झांसी में स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ सोमवार को जबरदस्त धूमधाम के साथ मनायी गयी। इस दौरान महारानी लक्ष्मीबाई के ऐतिहासिक किले के साथ साथ अन्य सभी सरकारी इमारतों पर शहीदों के अविस्मरणीय बलिदान का प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज पूरी आन ,बान और शान के साथ लहराया गया।
यहां मुख्य समारोह महारानी लक्ष्मीबाई के ऐतिहासिक किले पर आयोजित किया गया जहां पूरा किला परिसर तिरंगे के तीन रंगों से सराबोर नजर आया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और अपने संबोधन में देशवासियों और विशेषरूप से झांसीवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी । उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी लोगों को अपने अपने घर पर तिरंगा लगाने की मिली आजादी के साथ जिम्मेदारियों को भी बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज को कहीं भी यदि अमान्य स्थिति में पायें तो तुरंत उठाकर नियमानुसार उसका निस्तारण करें। सभी लोग पूरी खुशी और उत्साह के साथ आजादी का जश्न मनायें लेकिन देश के नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का भी पूरा ख्याल रखें।
उन्होंने समारोह में उपस्थित सभी सरकारी अधिकारियों से अनुरोध किया कि आजादी के संघर्ष में किसी भी तरह से योगदान देने वाले झांसी के किसी स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों से जुड़ी यदि कोई परेशानी आपके समक्ष आये तो पूरी कोशिश करें कि उन्हें बार बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े बल्कि आप उनकी समस्या का समाधान उनकी संतुष्टि के अनुसार करायें। अगर वर्तमान में आप के पास कोई शिकायत या समस्या है तो उसका एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करें।
किले पर हुए मुख्य समारोह के बाद जिला प्रशासन की रैली निकाल गयी जिसमें विभिन्न विभागों नगर निगम, जल निगम, जल संस्थान, अग्निशमन विभाग, झांसी पुलिस, स्वाट टीम और श्वान दस्ता, जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, शिक्षा विभाग, उद्योग विभाग, समाज कल्याण, खेल विभाग, पर्यटन विभाग, स्मार्ट सिटी, बलिनी दुग्ध उत्पादन केंद्र की महिलाओं और स्वच्छताकर्मियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न विभागों की झांकियों और सेना के सेवानिवृत सैनिकों ने भी रैली में हिस्सा लिया। रैली सेना और पुलिस के बैंड द्वारा बजायी जा रही देशभक्ति की धुनों पर आगे बढ़ी। हाथों में तिरंगा लिये झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ,जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम , झांसी मंडलायुक्त संजय गोयल और जिलाधिकारी रविंद्र कुमार रैली का नेतृत्व करते नजर आये। इसके पीछे विभिन्न विभागों की झांकिया ंनिकली जो किले से मिनर्वा चौराहा, जिला महिला अस्पताल, कोतवाली, खंडेराव गेट, पुरानी तहसील, रानीलक्ष्मीबाई पार्क और राजकीय संग्रहालय होते हुए दीनदयान सभागार पर संपन्न हुई।
इससे पहले आयुक्त कार्यालय , जिलाधिकारी कार्यालय, नगर निगम और विकास भवन सहित सभी सरकारी कार्यालयों पर अधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। झांसी रेल मंडल के मंडलप्रबंधक आशुतोष ने कार्यालय पर ध्वजारोहण किया।
लोगों में स्वतंत्रता दिवस पर जबरदस्त उत्साह दिखा ,जगह जगह बच्चों ने तिरंगा यात्रा निकाली। किले पर आज आम लोगों के लिए प्रवेश नि:शुल्क होने के कारण सुबह से ही लोगों का किला परिसर में जमावड़ा देखने को मिला। लगभग पूरे महानगर में लोग आजादी के उत्साह मे ंसड़कों पर घूमते नजर आये । इस दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *