सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, मजदूरों से भरी ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर; एक की मौत, 16 घायल

सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, मजदूरों से भरी ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर; एक की मौत, 16 घायल

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह मजदूरों से भरी ट्रॉली को पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई और 16 लोग घायल हो गए । वे छठ पूजा के लिए दिल्ली से बिहार जा रहे थे।

एक्सप्रेसवे के 118.8 किलोमीटर पर ट्रक ने ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रॉली में सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी कूरेभार पहुंचाया। वहां डॉ. जाहिर खान की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद घायल 16 लोगाें को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर भेजा गया। इनमें छह की हालत गंभीर है। घायलों की पहचान उषा, सुप्रिया, शिवम, मिथलेश यादव, मीनाक्षी, मंजू, दिलखुश यादव, नवीन कुमार, शिवम पासवान, भारती, सिद्धार्थ कुमार, सोमन शर्मा, बादल कुमार, सुशील यादव, रुदन कुमार, रवींद्र कुमार और अनिल यादव के रूप में हुई है।

बल्दीराय सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल मे भर्ती करा दिया गया है। डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली। पुलिस फरार ट्रक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

उन्हाेंने बताया कि घायलों मे नवीन कुमार (18) की हालत स्थिर है। राजीव कुमार (22) को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत स्थिर है। शिवम पासवान (33) के सिर में चोट और पैरास्पाइनल टेंडरनेस है। सिद्धार्थ (14) के माथे पर चोट आई है और उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। बादल (16) और रवींद्र (26) गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें भी हायर सेंटर भेजा गया। सुशील (60) को एलएल इंजरी और सिर में चोट है; उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। बालकिशन (36) के सिर में चोट और रैकोन आई की समस्या है। दिलीप कुमार (22) की पलक पर चोट आई है। मिथलेश (36) के सिर में चोट है। रुदाल (18) को ग्लूटियल एब्रेशन है और अनोल (37) की हालत स्थिर है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *