सुलतानपुर में अयोध्या जा रही टूरिस्ट क्रूजर हादसे का शिकार, टायर फटने से बिजली के खंभे से टकराई गाड़ी; 12 घायल

सुलतानपुर में अयोध्या जा रही टूरिस्ट क्रूजर हादसे का शिकार, टायर फटने से बिजली के खंभे से टकराई गाड़ी; 12 घायल

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में शुक्रवार सुबह लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर पनियार के पास एक टूरिस्ट क्रूजर का टायर पंचर होने से वह अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इस हादसे में वाहन में सवार 12 यात्री घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी वाराणसी से अयोध्या दर्शन करने जा रहे थे।

वाराणसी से अयोध्या जा रही टूरिस्ट क्रूजर (UP 65 FT 6079) का पिछला टायर फट गया, जिससे वाहन चालक का नियंत्रण खो गया और गाड़ी सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर में बैठे अधिकांश यात्रियों को सिर, हाथ-पैर और चेहरे पर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई एम्बुलेंस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लंभुआ में भर्ती कराया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों – पुदधूलाल (65), बलराम, कल्लू और बतीसिया को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। ये सभी मध्य प्रदेश के निवासी हैं। अन्य घायलों में जगराम (49,) केनकड़ा करेली, एमपी, नुखिया बाई, लखन मसकोले, बाती झरिया, रजनी, सकुन, कुटुलाल, दिव्या झारिया (मोहगांव सिवनी, एमपी) और चालक साहिद (धमरिया लोहता, वाराणसी) शामिल हैं। शेष घायलों का इलाज सीएचसी लंभुआ में जारी है।

हादसे की सूचना पर एडिशनल एसपी, एसडीएम सीओ ऋतिक कपूर, नायब तहसीलदार और कोतवाली प्रभारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक वृज नारायण सिंह ने शुक्रवार को बताया कि क्रूजर गाड़ी वाराणसी से अयोध्या जा रही थी, जिसमें मध्य प्रदेश के शिवनी के कुछ लोग सवार थे। कुल 15 लोगों के बैठने की सूचना है। कुल 12 लोगों को सीएचसी लंभुआ भेजा गया था, जिनमें से 5 को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने किसी भी यात्री की मृत्यु की सूचना से इनकार किया और बताया कि सभी का इलाज चल रहा है तथा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *