सुभाष बालियान हत्याकांड में बड़ा खुलासा: प्रेम-प्रसंग की रंजिश में हत्या का आरोप, बंटी गिरफ्तार; 4 की तलाश

सुभाष बालियान हत्याकांड में बड़ा खुलासा: प्रेम-प्रसंग की रंजिश में हत्या का आरोप, बंटी गिरफ्तार; 4 की तलाश

मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में शामली रोड पर पिन्ना गांव के पास सिक्योरिटी गार्ड सुभाष बालियान की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक मुख्य नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे गांव में पहले हुए प्रेम प्रसंग को लेकर चली आ रही रंजिश सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान किनोनी गांव निवासी 40 वर्षीय बंटी उर्फ राहुल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे लकड़संधा फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक किनोनी गांव निवासी करीब 50 वर्षीय सुभाष बालियान मंगलवार सुबह साइकिल से अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। वह शामली रोड पर पिन्ना गांव के पास पहुंचे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने सुभाष के सीने में गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के जल्द खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ ही नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सुभाष बालियान के परिवार और दूसरे पक्ष के बीच गांव में एक युवती से जुड़े मामले को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। पुलिस के अनुसार सुभाष का बड़ा बेटा आकाश गांव की ही एक युवती को अपने साथ ले गया था। बाद में पुलिस ने युवती को बरामद किया और आकाश के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया था।

बताया गया कि इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। घटना से दो दिन पहले गांव में पंचायत भी हुई थी। पुलिस के अनुसार पंचायत में युवती ने आकाश के पक्ष में बयान दिया था, जिसके बाद उसे नारी निकेतन भेज दिया गया था। पुलिस अब इस पुराने विवाद को सुभाष की हत्या से जोड़कर जांच कर रही है।

मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 402/2026 दर्ज किया गया है। मुकदमा भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 109(1), 103(1) और 3(5) के तहत दर्ज किया गया है।

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी। इसी दौरान थाना शाहपुर क्षेत्र के किनोनी गांव निवासी बंटी उर्फ राहुल पुत्र उधल उर्फ उदयवीर को पुलिस ने लकड़संधा फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

इस गिरफ्तारी की कार्रवाई में शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल सुधीर कुमार और कांस्टेबल विद्याराम शामिल रहे। पुलिस के अनुसार मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

बेटे ने की आरोपियों के एनकाउंटर की मांग

हत्याकांड के बाद मृतक सुभाष बालियान के छोटे बेटे सागर का दर्द और आक्रोश भी सामने आया। सागर ने पुलिस और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उसने अपने पिता की हत्या का हवाला देते हुए आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की।

सागर ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष दबंग परिवार से है और उनके पास लाइसेंसी हथियार हैं। उसका कहना है कि उसके पिता को ड्यूटी पर जाते समय साजिश के तहत निशाना बनाया गया। उसने परिवार की सुरक्षा की भी मांग की।

सागर ने कहा कि उसके परिवार ने अपना सदस्य खो दिया है और वह आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहता है। उसने पुलिस प्रशासन से न्याय और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

फिलहाल पुलिस हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और फरार नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड में प्रत्येक आरोपी की भूमिका स्पष्ट करने का प्रयास कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *