सुबह-सुबह एनकाउंटर, 50 हजार के इनामी बदमाश को ऐसे उठाकर अस्‍पताल ले गई पुलिस

यूपी के मैनपुरी के अंजनी गांव के पास हाईवे पर 50 हजार के इनामी बदमाश दीवान सिंह उर्फ पुनीत यादव से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखते ही दीवान कच्चे रास्‍ते से होते हुए खेतों की तरफ भागने लगा लेकिन पुलिस ने उसकी घेराबंदी कर ली। जवाबी फायरिंग के दौरान एक गोली बदमाश की टांग में लगी और वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने घायल दीवान को कंधे पर उठाया और जिला अस्पताल ले जाकर इलाज के लिए भर्ती करा दिया।

बरनाहल थाना क्षेत्र के भदोलपुर गांव के दीवान सिंह उर्फ पुनीत यादव के खिलाफ नोएडा, फिरोजाबाद और मैनपुरी सहित कई जिलों के पुलिस थानों में हत्‍या और लूट सहित संगीन धाराओं में केस दर्ज हैं। मैनपुरी में दर्ज चार मुकदमों में वह लंबे समय से वांछित चल रहा था। शुक्रवार को तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि दीवान बिछवां थाना क्षेत्र में है। सूचना पर विछवां थाना प्रभारी अमित कुमार और सर्विलांस सेल की टीम ने मैनपुरी कुरावली हाईवे पर ग्राम अंजनी के निकट उसे घेर लिया।

पुलिस को देखते ही बाइक सवार दीवान भागने लगा। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने तमंचे से फायरिंग कर दी जिससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो एक गोली उसकी टांग में लगी और वह गिर पड़ा। गोली लगने से घायल बदमाश को पुलिस जिला अस्पताल ले गई। बदमाश के कब्जे से एक बाइक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी कमलेश कुमार दीक्षित, भोगांव सीओ विजयपाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी शातिर अपराधी है। आईजी आगरा नचिकेता झा ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था। मैनपुरी के चार मुकदमों में पुलिस को उसकी तलाश थी।

बताया गया है कि अपराधी दीवान का पूरे जिले में खौफ है। यह शातिर लुटेरा और डकैत के रूप में चर्चित हो गया है। नोएडा में उसने हत्या कर डकैती डाली थी। फिरोजाबाद में तीन लूट की घटनाओं में वह वांछित चल रहा है। इसके खिलाफ डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमा प्रदेश के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने राहत की सांस ली है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 50 हजार के इनामी को गिरफ्तार किया है। घेराबंदी के समय दीवान ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जबावी फायरिंग में गोली लगने से वह घायल हुआ है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के विरुद्ध डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *