सिसौली (मुजफ्फरनगर)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने किसान मुख्यालय सिसौली में आयोजित सर्वसमाज की पंचायत में सामाजिक बुराइयों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाने का ऐलान किया। 36 बिरादरियों के खाप चौधरियों और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में टिकैत ने कहा कि गांव और देहात को नशामुक्त बनाना तथा बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाना समाज की वास्तविक प्रगति का आधार है। उन्होंने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ गांव स्तर पर मुहिम चलाने और संगठन को मजबूत करने के लिए युवाओं को सक्रिय करने की बात कही।

पंचायत को संबोधित करते हुए चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए सबसे पहले युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालना होगा। उन्होंने कहा कि गांव और देहात में जहां भी नशे का अवैध कारोबार चल रहा है, उसे हर हाल में बंद कराया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों की पढ़ाई लिखाई और भविष्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

टिकैत ने कहा कि केवल संगठनात्मक मजबूती ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज की बुनियादी समस्याओं पर भी मिलकर काम करना जरूरी है। उन्होंने गांव गांव बैठकों के जरिए युवाओं को संगठन से जोड़ने और युवा इकाई को मजबूत करने की घोषणा की। उनका कहना था कि गांव हो या शहर, संगठन की युवा इकाई को सक्रिय करने के लिए लगातार बैठकें आयोजित की जाएंगी।
17 सितंबर की रात मुजफ्फरनगर पहुंचने का आह्वान
पंचायत के दौरान राकेश टिकैत ने आगामी 17 सितंबर की रात मुजफ्फरनगर में आयोजित होने वाली विशाल पंचायत का भी जिक्र किया। उन्होंने किसानों और संगठन के समर्थकों से अधिक से अधिक संख्या में ट्रैक्टरों के साथ मुजफ्फरनगर पहुंचने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि किसान अपनी आवाज को मजबूती से उठाने के लिए पूरी तैयारी के साथ पंचायत में पहुंचें। टिकैत के इस आह्वान के बाद पंचायत में मौजूद किसानों और संगठन से जुड़े लोगों में उत्साह दिखाई दिया।
36 बिरादरियों के प्रतिनिधियों ने दिखाई एकजुटता
सिसौली में आयोजित पंचायत सर्वसमाज की एकजुटता का भी संदेश देती नजर आई। पंचायत में 36 बिरादरियों के चौधरियों और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सभी ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और समाज से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर काम करने पर जोर दिया।
पंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष चौधरी गौरव टिकैत, वैश्य समाज से चौधरी कमल मित्तल, तेली समाज से चौधरी अलीशेर और स्वर्ण समाज से चौधरी विनोद वर्मा सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
युवा और संगठन के पदाधिकारी भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में सिसौली भाकियू के युवा नगर अध्यक्ष अर्जुन बालियान के साथ अनमोल धीमान, शाह आलम, नितिन, सक्षम, सूरज और पिंटू बालियान सहित अन्य युवा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
इसके अलावा शाहपुर ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र बालियान और सहारनपुर मंडल उपाध्यक्ष गुरमेल बाजवा समेत संगठन के कई पदाधिकारी पंचायत में मौजूद रहे। पंचायत में सामाजिक मुद्दों के साथ संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई।
बालियान खाप के चौधरी ने की पंचायत की अध्यक्षता
सिसौली में आयोजित पंचायत की अध्यक्षता बालियान खाप के कश्यप चौधरी राकेश कश्यप ने की। कार्यक्रम का संचालन मास्टर राहुल बालियान हड़ौली ने किया। पंचायत में मौजूद विभिन्न बिरादरियों के प्रतिनिधियों ने सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान चलाने और संगठन को मजबूत करने से जुड़े राकेश टिकैत के आह्वान का समर्थन किया।
पंचायत के दौरान नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने, युवाओं को संगठन से जोड़ने और बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर रहा। सर्वसमाज के प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने पंचायत को सामाजिक एकता का संदेश देने वाला मंच बना दिया।

