संभल की राइस मिल में जहरीली गैस का कहर, दो मजदूरों की मौत; मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान

संभल की राइस मिल में जहरीली गैस का कहर, दो मजदूरों की मौत; मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान

संभल। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल के बहजोई थाना क्षेत्र में स्थित एक राइस मिल में बुधवार की देर रात्रि विषैली गैस रिसाव की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। राइस मिल में गैस रिसाव की सूचना मिलते ही गुरुवार सुबह पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य की जानकारी लेते हुए थाना पुलिस को अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए। इस घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि बहजोई थाना क्षेत्र अंतर्गत एसआर राइस मिल में बीती रात करीब 2:३० बजे मक्का की नमी सुखाने का काम किया जा रहा था, वहां पर एक व्यक्ति टैंक (चैंबर) में उतरा और विषैली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। उसे बचाने दूसरा कर्मी उतरा और वह भी वहीं टैंक में गिर पड़ा। दोनों कर्मियों को बेहोश देख अन्य कर्मी उनको बचाने के लिए आगे जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। इस सूचना पर बहजोई थाना एसएचओ तुरंत पुलिस टीम के साथ मौके पर आए। पुलिस टीम ने किसी तरह से गैस रिसाव की चपेट में आए दोनों कर्मियों को टैंक से सावधानी के साथ दोनों को निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थी।

एसपी ने बताया कि मृतकों की पहचान विजय और ओमपाल निवासीगण ग्राम संभाराम सहाय थाना मूड़ापांडे जिला मुरादाबाद के रूप में हुई हैं। मृतकों के शवों का पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है। मिल मालिक द्वारा मृतकों के परिजनों से बातचीत की जा रही है। वहीं घटना में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।मौके पर किसी प्रकार की कानून व्यवस्था की स्थिति नहीं है। पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है।

उधर, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उक्त हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के प्रति गहरा दुख जताया है। उन्होंन तुरंत राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही मृतकों के शोक संतप्त परिजनों को नियमानुसार मदद के लिए प्रशासन को निर्देश दिए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *