शुकतीर्थ में वंश कश्यप का अंतिम संस्कार, मां-बहनों की चीखों से गमगीन हुआ माहौल; अल्ताफ उर्फ भूरा भी गिरफ्तार

शुकतीर्थ में वंश कश्यप का अंतिम संस्कार, मां-बहनों की चीखों से गमगीन हुआ माहौल; अल्ताफ उर्फ भूरा भी गिरफ्तार

शुकतीर्थ (मुजफ्फरनगर)। भोपा थाना क्षेत्र के गांव भोपा निवासी 20 वर्षीय वंश कश्यप की नहर में डूबने से हुई मौत के बाद गुरुवार को उसका शव पोस्टमार्टम के बाद पैतृक गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल के बीच शुकतीर्थ स्थित श्मशान घाट पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में वंश का अंतिम संस्कार कराया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उप जिलाधिकारी जानसठ रश्मि लांबा, नायब तहसीलदार बृजेश कुमार और क्षेत्राधिकारी लक्ष्मण सिंह वर्मा सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

शव घर पहुंचते ही वंश की मां मौसम देवी और बहनें कोमल, प्रीति व वंशिका का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। अंतिम संस्कार के दौरान सामाजिक न्याय पार्टी के नेता सुनील पांचाल समेत नीरज, अजय, कृष्णपाल, कुलदीप, विनोद गुर्जर, शेखर, संजीव, शंकर कश्यप और बघरा आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज भी शुकतीर्थ पहुंचे।

सोमवार रात नहर में कूदने से हुई थी मौत

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे वंश कश्यप अपने दो साथियों अर्जुन और विपुल के साथ बेलड़ा गांव गया था। वहां किसी बात को लेकर बेलड़ा निवासी शेखर से कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि इसके बाद रिजवान और उसके साथियों से बचने के दौरान वंश वहां से भागा और नहर में छलांग लगा दी। नहर में डूबने से उसकी मौत हो गई। उसके दोनों साथी शेखर, अर्जुन और विपुल सकुशल घर लौट आए थे। बुधवार शाम वंश का शव भोपा के पास नहर से बरामद किया गया था।

अब तक सात आरोपी गिरफ्तार

वंश के जीजा जॉनी निवासी महमूदपुर माजरा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने बुधवार को रिजवान, अफजाल, साहिल उर्फ भोलू, अल्बख्श उर्फ बख्शी, सुहैल उर्फ अजूबा और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया था।

क्षेत्राधिकारी लक्ष्मण सिंह वर्मा ने गुरुवार को बताया कि मामले में फरार चल रहे आरोपी अल्ताफ उर्फ भूरा निवासी बेलड़ा को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

परिवार ने प्रशासन से मांगी आर्थिक मदद

अंतिम संस्कार में पहुंचे जनप्रतिनिधियों और बघरा आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज ने पुलिस-प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

वहीं, परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, उसकी अविवाहित बहन वंशिका को सरकारी नौकरी देने, मां को रोजगार उपलब्ध कराने और परिवार के कच्चे मकान को पक्का कराने की मांग की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *