शाहजहांपुर में दो नाबालिग सहेलियों की मौत से सनसनी, गांव के बाहर मिला शव

शाहजहांपुर में दो नाबालिग सहेलियों की मौत से सनसनी, गांव के बाहर मिला शव

शाहजहांपुर, 9 नवंबर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब निगोही थाना क्षेत्र के गांव हर्रेया के पास दो नाबालिग सहेलियों की मौत का मामला सामने आया। दोनों किशोरियों की उम्र 15 और 17 वर्ष बताई गई है। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, गांव हर्रेया निवासी दोनों किशोरियों के बीच गहरी मित्रता थी। सोमवार सुबह दोनों के घरों से गायब होने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद गांव से कुछ दूरी पर दोनों के शव मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।

दीपावली पर परिवार के साथ मनाया था त्योहार

बताया जा रहा है कि दीपावली के दिन दोनों सहेलियों ने अपने-अपने परिवारों के साथ धूमधाम से त्योहार मनाया था। रविवार रात करीब 12 बजे तक सब कुछ सामान्य था। सोमवार सुबह दोनों घरों से गायब मिलीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। बाद में गांव के बाहर दोनों की मौत की खबर मिलने से परिजन बदहवास हो गए।

घटना की सूचना पर पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

आत्महत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दोनों किशोरियों द्वारा आत्महत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *