कैथल : गांव सिरटा में हुई 2 पक्षों की लड़ाई में सदर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर दर्जनों लोगों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया है। पहली शिकायत में गांव सिरटा निवासी बलराम ने बताया कि गांव के ही प्रदीप, संजू, अभिषेक, बीरू, बीरा राम, राहुल व मोहित ने गत 5 सितम्बर को सांय करीब साढ़े 5 बजे उस पर व उसके परिवार के सदस्यों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

बलराम ने बताया कि उसके परिवार में शादी थी और सभी शादी में गए हुए थे, पीछे से परिवार की महिलाओं की पड़ोसी महिला के साथ कहासुनी हो गई और हमने बारात से वापिस आने पर दोनों पक्षों को समझा दिया, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने उन पर लाठी, गंडासी व रॉड से हमलाकर घायल कर दिया।

आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है। वहीं दूसरे पक्ष की तरफ से बीरा राम ने भी पुलिस को शिकायत दी है। बीरा राम ने शिकायत में बताया कि हमारे परिवार में शादी थी। शादी से वापिस लौटने के बाद आरोपी ऋषि ने मेरी भतीजी पूजा को गलत बोलने लगा। इस बात का उलहाना हमने आरोपियों के घर पर दिया और वापिस आकर गली में बैठ गए।
इसके बाद आरोपी बलराम, रामकरण, बचना राम, पवन, बंटी व ऋषि ने लाठी-गंडासी व चाकू से हमला कर उसे व उसके परिवार के सदस्यों को घायल कर दिया। जाते-जाते आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। सदर थाना प्रभारी रोहताश ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर आरोपियों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
