व्यापारियों को बड़ी राहत! 19 किलो कमर्शियल LPG सिलेंडर ₹200 से ज्यादा सस्ता, घरेलू गैस के दाम जस के तस

व्यापारियों को बड़ी राहत! 19 किलो कमर्शियल LPG सिलेंडर ₹200 से ज्यादा सस्ता, घरेलू गैस के दाम जस के तस

नई दिल्ली। अगस्त महीने की शुरुआत आम लोगों के बजाय होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपये से अधिक की कटौती की है। नई कीमतें एक अगस्त से लागू हो गई हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 202 रुपये और कोलकाता में 209 रुपये की कमी की गई है। कटौती के बाद दिल्ली में इसकी नई कीमत 2,728 रुपये और कोलकाता में 2,872.50 रुपये हो गई है।

हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 942 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये में उपलब्ध रहेगा। विभिन्न राज्यों में स्थानीय वैट और टैक्स के कारण कीमतों में मामूली अंतर हो सकता है।

यह लगातार दूसरा महीना है जब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर सस्ता हुआ है। इससे पहले एक जुलाई को भी इसकी कीमत में 183.50 रुपये तक की कटौती की गई थी। वहीं, इस साल जनवरी से जून के बीच कमर्शियल सिलेंडर के दाम सात बार बढ़ाए गए थे, जिनमें मार्च में दो बार बढ़ोतरी शामिल थी। उस समय पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक सप्लाई बाधित होने से कीमतों पर दबाव बना था।

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का उपयोग मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग, ढाबों और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में किया जाता है। ऐसे में कीमतों में आई इस कटौती से कारोबारियों की लागत कम होने की उम्मीद है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *