वाराणसी। वाराणसी जिले में मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित मड़ौली मोहल्ला में सोमवार को रवि फैन के गोदाम में आग लग गई। आग लगने के बाद वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल फायर सर्विस स्टेशन पर सूचना की।

आग की उठती लपटें देखकर वहां लोगों की भीड़ होने लगी। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के मकानों को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गोदाम में रखा करोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है। गोदाम की दीवारों पर गंभीर दरारें आ गई है।
गोदाम मैनेजर अनादि शंकर गुप्ता ने बताया कि गोदाम में बहुत सारा कच्चा माल रखा था, जो आग में पूरी तरह से समाप्त हो गया है। उसके अलावा पंखे के पार्ट और पेंट भी जलकर समाप्त हो गए। नुकसान का अनुमान लगा पाना अभी कठिन है।

