वाराणसी एयर शो से पहले बड़ा फैसला, नमो घाट के 20-30 किमी दायरे में मांस-मछली की बिक्री पर रोक

वाराणसी एयर शो से पहले बड़ा फैसला, नमो घाट के 20-30 किमी दायरे में मांस-मछली की बिक्री पर रोक

वाराणसी। भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर नमो घाट पर आयोजित भव्य हवाई प्रदर्शन (एरियल डिस्प्ले-2026) के दौरान वाराणसी प्रशासन ने सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर कड़ा कदम उठाया है। एयर शो के दौरान आकाश में उड़ने वाले लड़ाकू विमानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नमो घाट के आसपास के 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में 19 अक्टूबर से कार्यक्रम की समाप्ति तक मांस-मछली की बिक्री व कटिंग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। नगर निगम प्रशासन ने एयरशो के दौरान बर्ड हिट रोकने के लिए यह आदेश जारी किया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को ‘स्टेट इवेंट’ घोषित किया है।

आगामी 22, 23 और 25 अक्टूबर को मुख्य एयर शो आयोजित होगा, जबकि 26 अक्टूबर को आरक्षित (स्टैंडबाय) दिन के रूप में निर्धारित किया गया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार इस भव्य आयोजन को सुरक्षित, सुचारू और बर्ड-हिट मुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व प्रशासनिक इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 20 से 26 अक्टूबर के बीच शहर और कार्यक्रम स्थल के आसपास पक्षियों की गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम विशेष सफाई अभियान चलाएगा। गंगा घाटों पर उमड़ने वाली लाखों की भीड़ और जल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गंगा नदी के गहरे जल क्षेत्रों को चिह्नित कर प्रभावी बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। घाटों से नदी की तरफ जाने वाले संवेदनशील मार्गों पर अवरोधक लगाए जाएंगे ताकि दर्शक अनियंत्रित होकर गहरे पानी में न जाएं। इसके साथ ही, श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा के लिए नमो घाट एवं आसपास पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट स्थापित किए जा रहे हैं, जिनकी नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना का यह एरियल डिस्प्ले वाराणसी के लिए एक अत्यंत गौरवमयी और भव्य आयोजन है। इसे ‘स्टेट इवेंट’ के रूप में आयोजित किया जा रहा है। नगर निगम की ओर से नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, गंगा में बैरिकेडिंग, बर्ड-हिट रोकने के लिए मांस दुकानों की बंदी तथा श्रद्धालुओं के लिए मोबाइल टॉयलेट की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है, ताकि यह आयोजन पूरी तरह सुरक्षित और ऐतिहासिक बने।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *