मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर द्वारा वहलना चौक का नाम परिवर्तित कर “महाराणा प्रताप चौक” किए जाने का प्रस्ताव पारित होने के बाद शहर में खुशी का माहौल देखने को मिला। इस निर्णय का स्वागत करते हुए कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राकेश पुंडीर के नेतृत्व में सर्व समाज और अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शिव चौक पर एकत्र होकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और नगर पालिका परिषद बोर्ड के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने नगर पालिका परिषद के इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महान योद्धा हैं, जिन्होंने राष्ट्र की एकता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष में समर्पित कर दिया। उनका जीवन साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है, जो आज भी समाज को प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राकेश पुंडीर ने कहा कि महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी अपने आत्मसम्मान और राष्ट्रहित से समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुष किसी एक जाति, वर्ग या धर्म तक सीमित नहीं होते, बल्कि पूरे समाज और देश की साझा विरासत होते हैं। इसलिए सभी वीर महापुरुषों का सम्मान जातीय सीमाओं से ऊपर उठकर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके नाम पर चौक का नामकरण समाज में राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की भावना को और मजबूत करेगा।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नगर पालिका परिषद द्वारा पारित प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय शहर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही प्रस्ताव पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर चौक का नाम आधिकारिक रूप से “महाराणा प्रताप चौक” कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश महासचिव जयप्रकाश राणा, जिलाध्यक्ष संदीप पुंडीर एडवोकेट, ब्राह्मण समाज के मुकुल शर्मा, पंडित ध्यानचंद कुश, कुलदीप शर्मा, अजय पुंडीर एडवोकेट, प्रधान मुकेश आर्य, नरेंद्र बॉस गुप्ता एडवोकेट, श्याम सिंह पुंडीर, ठाकुर ब्रह्मानंद, सेन समाज के जिलाध्यक्ष देवी प्रकाश, नरेश चौहान, महेश विश्वकर्मा, राज ऋषि चौधरी, जीत सिंह पुंडीर, विनोद कुमार, संतोष सिंह भदौरिया, प्रदीप राणा, पंकज ठाकुर, तोप सिंह पुंडीर, चौधरी मांगेराम, बृजेश त्यागी, रामकुमार कश्यप सहित सर्व समाज के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने नगर पालिका परिषद के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को सम्मान देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

