वन विभाग की करीब 54 बीघा भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त
सवाईमाधोपुर रेंज के भगवतगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को वन विभाग ने अतिक्रमण की बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग की 54 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा दिया।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई वन विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की ओर से संयुक्त रूप से वन विभाग के रेंजर दीपक शर्मा एवं चौथ का बरवाड़ा तहसीलदार सुरेश गुप्ता के नेतृत्व में की गई। वन विभाग के रेंजर दीपक शर्मा ने बताया कि चौथ का बरवाड़ा के उपखण्ड अधिकारी उपेंद्र शर्मा एवं उप वन संरक्षक सवाईमाधोपुर श्रवण कुमार रेड्डी के निर्देशन में अतिक्रमण हटाने की कारवाई को अंजाम दिया गया। उन्होंने बताया कि भगवतगढ़ से चौथ का बरवाड़ा जाने वाले सडक़ मार्ग पर वन विभाग की बेशकीमती जमीन पर 19 अतिक्रमियों द्वारा अतिक्रमण करके अवैध रूप से बाड़े , कच्चे- पक्के मकानों का निर्माण करा लिया था। कुछ ने तो अमरूद के बगीचे लगा रखे थे। शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की कारवाई के दौरान वन विभाग की करीब 54 बीघा जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।

रेंजर दीपक शर्मा ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कारवाई में बौंली रेंजर अनिल मीना , भगवतगढ़ वनपाल गुलाब चंद शर्मा , चौथ का बरवाड़ा वनपाल शकुंतला सैनी , वनपाल ताराचंद यादव , पूरणमल बैरवा , शिवराज गुर्जर , जलङ्क्षसह गुर्जर सहित वन विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस के करीब 150 कार्मिक मौजूद रहे ।

रेंजर दीपक शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को अतिक्रमण से मुक्त की गई जमीन में लगे हुए अमरूदों के बगीचे से वन विभाग को करीब दस लाख रुपए सालाना आय होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की जमीन पर लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने की कारवाई आगे भी जारी रहेगी।