लखनऊ हादसे के बाद मुजफ्फरनगर में मचा हड़कंप! सुरक्षा खामियों पर दो होटल सील, कोचिंग सेंटरों पर चला प्रशासन का डंडा

लखनऊ हादसे के बाद मुजफ्फरनगर में मचा हड़कंप! सुरक्षा खामियों पर दो होटल सील, कोचिंग सेंटरों पर चला प्रशासन का डंडा

मुजफ्फरनगर। राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर में भी जिला प्रशासन ने बड़े होटलों, कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ व्यापक जांच अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को प्रशासन की विशेष जांच टीम ने शहर के प्रतिष्ठित संस्थानों पर औचक छापेमारी करते हुए सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां पाए जाने पर दो बड़े प्रतिष्ठानों को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया।

जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने शाम के समय शहर के चर्चित ‘पंडित भोज’ प्रतिष्ठान और आर्यपुरी स्थित होटल राजमहल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों संस्थानों में फायर सेफ्टी और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं में गंभीर कमियां मिलने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संचालन पर रोक लगा दी।

संकरे रास्ते और सुरक्षा इंतजामों की कमी बनी कार्रवाई की वजह

उपजिलाधिकारी राहुलदेव भट्ट के नेतृत्व में गठित टीम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह, खाद्य सुरक्षा विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे। टीम ने जब ‘पंडित भोज’ का निरीक्षण किया तो पाया कि भवन में स्थापित अग्निशमन उपकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थे। इसके अलावा आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पर्याप्त निकास मार्ग की व्यवस्था भी नहीं थी।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान का मुख्य मार्ग भी अत्यंत संकरा पाया गया, जिसे किसी भी आपदा की स्थिति में ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना गया। इन्हीं कमियों के आधार पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से प्रतिष्ठान को बंद करने का आदेश जारी कर दिया।

इसी प्रकार आर्यपुरी स्थित होटल राजमहल में भी सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और आवश्यक व्यवस्थाओं की कमी पाए जाने पर उसे सील कर दिया गया।

स्वरूप प्लाजा में भी हुई सघन जांच

कार्रवाई के बाद प्रशासनिक टीम रुड़की रोड स्थित स्वरूप प्लाजा पहुंची, जहां संचालित ग्रीन एप्पल होटल, वी-बाजार और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने फायर फाइटिंग सिस्टम, विद्युत वायरिंग, आपातकालीन निकास व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की।

प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जनसुरक्षा से समझौता करने वाले किसी भी होटल, रेस्टोरेंट, मॉल या व्यावसायिक प्रतिष्ठान को किसी भी स्तर पर राहत नहीं दी जाएगी। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों पर भी चला प्रशासन का डंडा

शहर में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों का भी व्यापक निरीक्षण किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने लिंक रोड, भोपा रोड और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में संचालित कोचिंग संस्थानों की जांच की।

निरीक्षण टीम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार, विद्युत विभाग तथा मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के अधिकारी भी शामिल रहे। कार्रवाई की सूचना मिलते ही लिंक रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर संचालक संस्थान पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।

कई संस्थानों में मिली गंभीर खामियां, दो को किया सील

पूरे अभियान के दौरान चार से पांच बड़े शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा संबंधी गंभीर कमियां पाई गईं। इनमें से दो संस्थानों में अत्यधिक अनियमितताएं और सुरक्षा मानकों का पूर्ण उल्लंघन मिलने पर प्रशासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि शहर के भीड़भाड़ वाले और बड़े कोचिंग संस्थानों को विशेष निगरानी सूची में रखा गया है। जहां भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलेगी, वहां नियमों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा से समझौता नहीं, अभियान रहेगा जारी

जिला प्रशासन का कहना है कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जनसुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। अधिकारियों के अनुसार जिन संस्थानों में कमियां पाई जा रही हैं, उन्हें निर्धारित समय के भीतर सुधार करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। वहीं गंभीर लापरवाही पाए जाने पर सीलिंग और संचालन बंद कराने जैसी कार्रवाई भी जारी रहेगी।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद शहर के होटल कारोबारियों, कोचिंग संचालकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। कई संस्थान अब अपने यहां फायर सेफ्टी और सुरक्षा मानकों को दुरुस्त करने में जुट गए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *