कैराना। खनन प्वाइंटों से रेत भरे वाहनों का मलकपुर के ग्रामीणों ने विरोध करते हुए वाहनों पर रोक लगा दी। ग्रामीणों का आरोप है कि रेत से भरे वाहन गांव के बीच से गुजरते है। जिससे मुख्य मार्ग छलनी होने के साथ साथ उठने वाली धूल के गुबार से ग्रामीणों को सांस लेने में दिक्कतें हो रही है।
बुधवार को क्षेत्र के गांव मलकपुर के ग्रामीणों ने मार्ग को अवरुद्ध कर जाम लगा दिया। इस दौरान मार्ग पर दोनों ओर खनन वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। जाम की सूचना पर खनन संचालकों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का आरोप है कि खनन प्वाइंटों से रेत भरे वाहनों का गांव के बीच स्थित मार्ग से गुजरने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वही मार्ग पर रेत जमा होने के साथ साथ क्षतिग्रस्त भी हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में अधिकरियों को शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई है। दर्जनों ग्रामीण व महिलाओं ने मार्ग पर खनन वाहनों के विरोध में जाम लगा दिया। इस दौरान उपजिलाधिकारी कैराना विशु राजा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनकी समस्या का निराकरण करने का आश्वासन दिया।

उपजिलाधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला घण्टों रुके रहे रेत से भरे वाहनों का पहिया उसके बाद दौड़ा। उपजिलाधिकारी कैराना विशु राजा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीणों ने खनन वाहनों पर जाम लगाकर रोक लगा दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि वाहनों से धूल उड़ती है वही मार्ग क्षतिग्रस्त भी हो रहा है। एसडीएम का कहना है कि ठेकेदारों को मार्ग पर पानी डालने की व्यवस्था तत्काल कराने के लिए सख्त आदेश दिए। क्षतिग्रस्त मार्ग को फंड से दुरुस्त कराया जाएगा। वही उन्होंने रेत से भरे वाहनों को अन्य रास्तों से निलकवाने के लिए भी खनन अधिकारी को सामाधन खोजने की बात कही है। जुर्माने के लिए रिपोर्ट बनाकर भेजी जाएगी।