यूपी में 24 जून तक लू का कहर, बारिश के आसार बेहद कम

यूपी में 24 जून तक लू का कहर, बारिश के आसार बेहद कम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां अभी सीमित बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

 

मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी उप-प्रभागीय दैनिक मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार 20 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 21 से 23 जून तक दोनों क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा।

 

पूर्वानुमान के अनुसार 24 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। 25 जून को प्रदेश के दोनों भागों में कहीं-कहीं वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना व्यक्त की गई है।

 

मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए 19 जून से 24 जून तक कहीं-कहीं उष्ण लहर (लू) चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए इस अवधि में कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल व्यापक वर्षा के लिए अनुकूल परिस्थितियां विकसित नहीं हो सकी हैं। इसके चलते तापमान में बढ़ोतरी और उमस बनी रहने की संभावना है। विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में लू का प्रभाव अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *