यूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून: 27 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, किसानों और आमजन को मौसम विभाग की सलाह

यूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून: 27 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, किसानों और आमजन को मौसम विभाग की सलाह

प्रयागराज। आगामी सात दिनों के माध्य उतर प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश के आसार है। यह पूर्वानुमान मौसम विभाग ने मंगलवार को जारी किया है। ऐसी भी संभावना जताई है कि 27 जुलाई तक कुछ जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। जिसे लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी किया है।

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी सात दिवसीय मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 21 से 27 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा भी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई को पश्चिमी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होगी। 22 और 23 जुलाई को प्रदेश के अनेक स्थानों पर व्यापक वर्षा होने की संभावना है। 24 से 27 जुलाई तक भी अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।

पूर्वानुमान के मुताबिक 21 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा, जबकि 22 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 26 और 27 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि सक्रिय मानसूनी प्रणाली के प्रभाव से आगामी सप्ताह प्रदेश में अच्छी वर्षा होने के संकेत हैं। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि लगातार बारिश को देखते हुए खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखें। जिन क्षेत्रों में फसल की बुवाई शेष है, वहां पर्याप्त नमी का लाभ उठाकर बुवाई पूरी करें, जबकि जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में धान, सब्जी एवं दलहनी फसलों की विशेष निगरानी रखें।

डॉ. पांडेय ने कहा कि गरज-चमक और वज्रपात की संभावना को देखते हुए किसान बारिश के दौरान खेतों में कार्य करने से बचें तथा मौसम साफ होने के बाद ही कृषि कार्य करें। पशुपालकों को भी अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने और खुले मैदानों में न बांधने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा स्थानीय प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी परामर्श का पालन करने की अपील की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *