यूपी चुनाव से पहले भाजपा ने तेज की संगठन की तैयारी, तेलंगाना के संगठन महामंत्री एन. मधुकर पहुंचे काशी

यूपी चुनाव से पहले भाजपा ने तेज की संगठन की तैयारी, तेलंगाना के संगठन महामंत्री एन. मधुकर पहुंचे काशी

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में तेलंगाना के प्रदेश संगठन महामंत्री एन. मधुकर काशी पहुंच गए हैं। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा के काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी के क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और अंगवस्त्र पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि तेलंगाना के प्रदेश संगठन महामंत्री एन. मधुकर का काशी आगमन पार्टी संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। वह आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यहां आए हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव और मार्गदर्शन से पार्टी को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारियों में संगठन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और पार्टी की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में अनुभवी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन उपयोगी साबित होगा।

भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी मधुकर चित्रांश ने बताया कि शुक्रवार को एन. मधुकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके साथ ही वह काशी के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी दर्शन के लिए जाएंगे। धार्मिक कार्यक्रमों के बाद उनका भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित है।

एन. मधुकर के काशी आगमन को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक गतिविधियों और तैयारियों को गति देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके प्रवास के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के जरिए चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *