खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह क्षेत्र में दो दिन पूर्व मारपीट के चलते घायल हुए युवक की आज उपचार के दौरान मृत्यु होने के बाद उसके शव को थाने के समक्ष रख प्रदर्शन किया गया।
मारपीट की घटना के चलते घायल हुए 25 वर्षीय युवक कालू केवट की कल शाम इंदौर में मृत्यु हो जाने के बाद आज शव को बड़वाह लाया गया था। युवक के रिश्तेदारों तथा ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी एवं उन पर रासुका लगाने, और उनके अतिक्रमण तोड़े जाने की मांग को लेकर बड़वाह थाने के समक्ष शव रख प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस के विरुद्ध भी विलंब से कार्रवाई करने का आरोप भी लगाया।
प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे बड़वाह के एसडीएम अनुकूल जैन और एसडीओपी विनोद दीक्षित ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी तथा उनके अतिक्रमण चिह्नित कर हटाए जाएंगे। इसके बाद शव को वहां से हटाया गया और शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बड़वाह के थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि घायल को सीधे अस्पताल ले जाया गया था, सूचना मिलने प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि 12 मई को नावघटखेड़ी में शादी में नाचने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके चलते कालू के साथ मारपीट की गई थी। उन्होंने बताया कि प्रदीप एवं अजय समेत सात नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष की तलाश जारी है।
इस संबंध में खरगोन के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि मामले की एसडीओपी बड़वाह को जांच के निर्देश दिए गए हैं।


