मेरठ। मेरठ में रैपिड रेल कारिडोर अंतर्गत मेरठ में भूमिगत स्टेशनों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जून में गांधी बाग से बेगमपुल की तरफ सुरंग बनाने का काम शुरू हो जाएगा। एमईएस कालोनी ( गांधी बाग ) के पास नार्थ शाफ्ट से बेगमपुल स्टेशन के बीच टनल निर्माण के लिए तीसरी टीबीएम (टनल बोरिंग मशीन) की असेंबलिंग अंतिम दौर में है। मेरठ में रैपिड रेल कारिडोर अंतर्गत मेरठ सेंट्रल, भैंसाली और बेगमपुल तीन भूमिगत रैपिड रेल स्टेशन हैं।

इन स्टेशनों को आपस में जोड़ने के लिए कुल तीन जुड़वां समानांतर टनल बनेंगी, जिनमें पहली टनल भैंसाली से मेरठ सेंट्रल (दो किमी) के बीच, दूसरी टनल भैंसाली से बेगमपुल (एक किमी) और तीसरी टनल एमईएस कालोनी के पास के नार्थ शाफ्ट से बेगमपुल (लगभग 700 मीटर) के बीच बनेगी। बेगमपुल और नार्थ शाफ्ट के बीच बनने वाली टनल मेरठ की सबसे छोटी टनल होगी। बेगमपुल स्टेशन से नार्थ शाफ्ट की तरफ जाने वाली रैपिड ट्रेनें रैंप के जरिये एमईएस कालोनी स्टेशन पर एलिवेटेड हो जाएंगी।

इस कड़ी में भैंसाली से मेरठ सेंट्रल के बीच टनल बनाने का काम पहले ही शुरू हो चुका है, अब नार्थ शाफ्ट से बेगमपुल की ओर के टनल निर्माण के लिए नार्थ शाफ्ट पर करीब 17 मीटर की गहराई में टीबीएम लांचिंग शाफ्ट बनाया गया है। जिसमें तीसरी टीबीएम की असेंबलिंग चल रही है। जो यहां से बेगुमपुल की ओर की टनल बनाएगी। चौथी टीबीएम भी यहां पर जल्द लांच होगी। टनल का व्यास 6.5 मीटर होगा। टनल निर्माण पूरा होने पर टीबीएम को बेगमपुल में बनाई गई रिट्रीविंग शाफ्ट से बाहर निकाला जाएगा।

