मेरठ में रेस्टोरेंट संचालक को दो दिन में हत्या करने की धमकी, सहमा पूरा परिवार

मेरठ में रेस्टोरेंट संचालक को दो दिन में हत्या करने की धमकी, सहमा पूरा परिवार

मेरठ। मवाना के स्थित एक रेस्टोरेंट का संचालक दो दिन में हत्या की धमकी से खौफजदा है। आरोप है कि दो दिन पूर्व खाने के पैसे मांगने पर आरोपितों ने उसे डराया धमकाया और एक बदमाश का आदमी बताते हुए रौब गालिब किया। उक्त मामले में एक नामजद समेत दो अज्ञात के खिलाफ रविवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। मोहल्ला कल्याण सिंह निवासी शहजाद आलम पुत्र शमशुजमा मिल रोड पर एक्सिस बैंक के पास रायल रेस्टोरेंट चलाते हैं।

शहजाद ने बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे दो युवक वहां पहुंचे और बदमाश घोलू सकौती का आदमी बताते हुए 10 आदमियों का खाना पैक करने को कहा। जब उक्त खाने के पैसे मांगे तो आरोपितों ने डराया और धमकाते हुए दो दिन में हत्या करने की धमकी दी। वहीं, रेस्टोरेंट में ताला लगाने की बात कहते हुए आरोपित अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए चले गए। उक्त मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। मौके पर पुलिस भी पहुंची और फुटेज कब्जे में लेकर संदिग्धों के घरों पर दबिश दी, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। उधर, घोलू के घर पर भी पुलिस गई, लेकिन वह भी नहीं मिला। उक्त मामले में घोलू समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर विष्णु कौशिक ने बताया कि उक्त मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपित पुलिस की गिरफ्त में होंगे। वहीं, घोलू का नाम लेने की भी जांच चल रही है कि उसकी संलिप्तता है या नहीं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *