मुज़फ्फरनगर। जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान शारदेन स्कूल के संचालक एवं उद्योगपति विश्वरतन गुप्ता और उनके परिवार को कथित रूप से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर पहले कुछ लोग उनके घर पहुंचे और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी, जबकि बाद में इंटरनेशनल नंबर से फोन कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद से परिवार दहशत में है। थाना खालापार पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, खालापार निवासी विश्वरतन गुप्ता का कहना है कि उनकी कुछ धनराशि देहरादून निवासी उदयप्रताप सिंह एवं उसके सहयोगियों पर बकाया है। शिकायत के मुताबिक, 14 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:58 बजे उन्होंने अपने बकाया रुपये की मांग को लेकर उदयप्रताप सिंह को मोबाइल पर संदेश भेजा था।

आरोप है कि संदेश भेजने के करीब तीन मिनट बाद उन्हें एक इंटरनेशनल नंबर से कॉल प्राप्त हुई। कॉल करने वाले ने स्वयं को उदयप्रताप सिंह बताते हुए कथित रूप से धमकी दी कि यदि दोबारा पैसे मांगे तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा और कहीं का नहीं छोड़ा जाएगा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह धमकी उदयप्रताप सिंह ने अपने पुत्र अनिरुद्ध प्रताप सिंह तथा उसके पार्टनर विशाल वर्मा के पक्ष में दी, ताकि उनसे बकाया धन की मांग न की जाए।
एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पहले 11 जून 2026 को दोपहर करीब एक बजे अनिरुद्ध प्रताप सिंह अपने चार साथियों के साथ विश्वरतन गुप्ता के खालापार स्थित आवास पर पहुंचा था। आरोप है कि उस दौरान घर में घुसकर बकाया रकम मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद से परिवार लगातार भय और असुरक्षा के माहौल में रह रहा है।
पीड़ित का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उन्हें आशंका है कि आरोपी किसी भी समय उनके या उनके परिवार के साथ कोई गंभीर घटना को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने पुलिस से अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना खालापार पुलिस ने शिकायत के आधार पर उदयप्रताप सिंह, अनिरुद्ध प्रताप सिंह और विशाल वर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस इंटरनेशनल नंबर से आई कॉल, मोबाइल कॉल डिटेल, संदेशों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष विवेचना की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

