भोपा (मुजफ्फरनगर)। जनपद के भोपा थाना क्षेत्र में एक महिला खेतिहर मजदूर के साथ कथित दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी इकरार अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार पीड़िता ने बताया कि वह एक गरीब खेतिहर मजदूर है और मेहनत-मजदूरी कर अपने तीन बच्चों का पालन-पोषण करती है। उसका पति पिछले लगभग छह माह से रोजगार के सिलसिले में जिले से बाहर रह रहा है। महिला के अनुसार 14 फरवरी 2026 को वह भोकरहेड़ी क्षेत्र के जंगल में खेतों में मजदूरी कर रही थी। इसी दौरान भोकरहेड़ी निवासी इकरार अंसारी ने उसे अपने खेत में काम करने के लिए बुलाया।

पीड़िता का आरोप है कि दोपहर के समय प्यास लगने पर उसने आरोपी से पानी मांगा। आरोप है कि आरोपी ने पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अर्धचेतन अवस्था में पहुंच गई। महिला का आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि घटना के दौरान आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल फोन से बना लिए। होश में आने पर जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने वीडियो और तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया।
पीड़िता का कहना है कि उसने मामले की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश के बाद भोपा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार शनिवार को आरोपी इकरार अंसारी निवासी भोकरहेड़ी को इंटर कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है, जिनकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

