मुजफ्फरनगर। मारपीट, धारदार हथियार से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के करीब 15 साल पुराने मुकदमे में अदालत ने चार आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया है। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष को उस समय बड़ा झटका लगा, जब घटना में घायल बताए गए वादी और उसके भाई ने ही आरोपितों के खिलाफ लगाए गए आरोपों का समर्थन नहीं किया। वादी ने अदालत में कहा कि आरोपितों ने न तो उसके साथ मारपीट की और न ही जान से मारने की धमकी दी थी। उसने चोट लगने की वजह भीड़ में धक्का-मुक्की के दौरान कृषि यंत्र पर गिरना बताया। दूसरे गवाह ने भी मारपीट की घटना से इन्कार कर दिया। पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर अदालत ने विजयपाल, बाबे, विजय और आजाद को दोषमुक्त कर दिया।

चाय की दुकान खोलने पहुंचे थे दोनों भाई

अभियोजन के अनुसार, मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रुड़की रोड स्थित अंबेडकरनगर की झुग्गी बस्ती का है। यहां रहने वाला ईश्वर चाय की दुकान चलाता था। आरोप था कि 30 मई 2008 की सुबह करीब 7:30 बजे ईश्वर अपने भाई राजू के साथ दुकान खोलने पहुंचा था। इसी दौरान विजयपाल, बाबे, विजय और आजाद वहां आ गए। अभियोजन पक्ष का आरोप था कि चारों ने एकराय होकर ईश्वर और उसके भाई राजू पर लाठी-डंडों और छुरी से हमला कर दिया। हमले में ईश्वर के पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आने की बात कही गई थी। आरोपितों पर दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था। घटना के बाद मुकदमा दर्ज हुआ और मामला न्यायालय में विचाराधीन रहा।
वादी और उसके भाई ने अदालत में आरोपों से किया इन्कार
मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष को उस समय झटका लगा, जब वादी ईश्वर ने अदालत में अपने बयान दर्ज कराए। उसने आरोपितों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों से इन्कार कर दिया। ईश्वर ने बताया कि आरोपितों ने उसके साथ कोई मारपीट नहीं की थी। भीड़ में धक्का-मुक्की के दौरान वह कृषि यंत्र पर गिरकर चोटिल हो गया था। वहीं, दूसरे गवाह धानेश्वर उर्फ राजू ने भी अदालत में मारपीट की घटना का समर्थन नहीं किया। दोनों प्रमुख गवाहों के आरोपों से मुकरने के बाद अभियोजन पक्ष की ओर से पेश की गई घटना की कहानी को पर्याप्त समर्थन नहीं मिल सका।
साक्ष्य के अभाव में चारों आरोपित दोषमुक्त
मामले की सुनवाई अपर सिविल जज (वरिष्ठ प्रभाग), कोर्ट संख्या-तीन की पीठासीन अधिकारी सौम्या मिश्रा-द्वितीय की अदालत में हुई। न्यायालय ने गवाहों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया। अभियोजन पक्ष आरोपितों के खिलाफ लगाए गए आरोपों को संदेह से परे साबित नहीं कर सका। इसके बाद अदालत ने विजयपाल, बाबे, विजय और आजाद को दोषमुक्त कर दिया। करीब 15 साल पुराने इस मुकदमे में चारों आरोपितों को अदालत से राहत मिल गई।

