मुजफ्फरनगर में शराब नहीं मिली तो बौखला गए दबंग: ठेके पर सेल्समैनों पर धारदार हथियार से हमला, छह घंटे में एक आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर में शराब नहीं मिली तो बौखला गए दबंग: ठेके पर सेल्समैनों पर धारदार हथियार से हमला, छह घंटे में एक आरोपी गिरफ्तार

चरथावल (मुजफ्फरनगर)। शराब का निर्धारित समय समाप्त होने के बाद बिक्री से इनकार करना दो सेल्समैनों को भारी पड़ गया। चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम बिरालसी स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके पर तीन दबंगों ने शराब न मिलने से नाराज होकर कर्मचारियों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दो सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात के महज छह घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार ग्राम दूधली निवासी अर्जुन कुमार और पीपलशाह निवासी सोनू पुंडीर बिरालसी स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। सोमवार देर रात निर्धारित समय पूरा होने के बाद दोनों कर्मचारी दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान गांव बिरालसी निवासी प्रवीण उर्फ बिट्टू, सुनील कुमार और संदीप वहां पहुंचे और शराब की मांग करने लगे।

सेल्समैनों ने नियमों का हवाला देते हुए दुकान दोबारा खोलने और शराब देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर तीनों युवक उग्र हो गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अपने पास मौजूद धारदार हथियार निकाल लिए और दोनों कर्मचारियों पर हमला बोल दिया।

हमले में अर्जुन कुमार के चेहरे पर गंभीर चोट आई, जबकि सोनू पुंडीर के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही चरथावल पुलिस हरकत में आ गई। थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया के निर्देशन में बिरालसी चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह परिहार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू करते हुए क्षेत्र में घेराबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया।

पुलिस की मुस्तैदी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वारदात के मात्र छह घंटे के भीतर बिरालसी चौकी चेक पोस्ट के निकट से एक आरोपी संदीप पुत्र रामकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया ने बताया कि मामले में शामिल अन्य दो आरोपी प्रवीण उर्फ बिट्टू और सुनील अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी इस वारदात ने एक बार फिर शराब ठेकों पर कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रीय लोगों ने सराहना की है। उच्चाधिकारियों ने भी मामले में तत्परता दिखाने वाली पुलिस टीम की प्रशंसा करते हुए फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *