मुजफ्फरनगर। महावीर चौक पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के संयुक्त धरना-प्रदर्शन के दौरान हुए बहुचर्चित मारपीट प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी युधिष्ठिर उर्फ युधिष्ठिर पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है। वहीं मामले में नामजद डॉ. मोनिका की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान करने में भी जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात महावीर चौक पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का संयुक्त धरना-प्रदर्शन चल रहा था। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री तथा अन्य नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की जा रही थी। इसी बीच सुमन विहार निवासी कोयला कारोबारी कुलदीप सिंह पुत्र नेपाल सिंह वहां पहुंचे और प्रधानमंत्री के खिलाफ की जा रही कथित टिप्पणियों का विरोध किया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

पीड़ित कुलदीप सिंह की तहरीर के अनुसार, युधिष्ठिर पहलवान, उनकी पत्नी डॉ. मोनिका और अन्य लोगों ने उन्हें घेरकर मारपीट की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युधिष्ठिर पहलवान ने मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी का डंडा छीन लिया और उसी से उन पर हमला किया। आरोप है कि उन्हें करीब 100 मीटर तक दौड़ाकर पीटा गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर पीड़ित को सुरक्षित निकाला और स्थिति को नियंत्रित किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की। स्टेडियम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अरुण चाहर, कांस्टेबल राघवेन्द्र और कांस्टेबल सुरेन्द्र ने मुखबिर की सूचना पर झांसी की रानी मार्केट के पास से युधिष्ठिर उर्फ युधिष्ठिर पहलवान पुत्र धर्मवीर सिंह निवासी ग्राम पचैंडा कला, थाना नई मंडी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास का भी परीक्षण कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे भी जांच का महत्वपूर्ण आधार बनाया है। वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मामले में नामजद डॉ. मोनिका फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इसके अलावा घटना में शामिल अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है। जो भी व्यक्ति घटना में संलिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

