मुजफ्फरनगर। शहर के पचेंडा रोड स्थित बच्चन सिंह कॉलोनी की पुलिया के पास टेंट खोलते समय करंट लगने से एक कर्मचारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टेंट खोलने के दौरान लोहे की नाल ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से टकरा गई। लाइन के संपर्क में आते ही कर्मचारी को जोरदार करंट लगा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांधी कॉलोनी स्थित सरदार सतपाल सिंह के सरदार टेंट हाउस में जनकपुरी निवासी एक व्यक्ति कर्मचारी के रूप में काम करता था। वह पचेंडा रोड पर बच्चन सिंह कॉलोनी की पुलिया के पास एक हलवाई की दुकान के सामने लगे टेंट को खोल रहा था। इसी दौरान टेंट में इस्तेमाल होने वाली लोहे की नाल ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से छू गई। हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही कर्मचारी करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कम ऊंचाई पर गुजर रही विद्युत लाइन पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि घटनास्थल के पास 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन सड़क से महज 15 फीट की ऊंचाई पर गुजर रही है। लोगों का कहना है कि इतनी कम ऊंचाई पर हाईटेंशन लाइन का होना बेहद खतरनाक है। टेंट लगाने और खोलने के दौरान इस्तेमाल होने वाले लोहे के पाइप और नाल के कारण इस तरह के हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि विद्युत लाइन सुरक्षित निर्धारित ऊंचाई पर होती तो संभवतः कर्मचारी की जान बचाई जा सकती थी। लोगों ने इस घटना को विद्युत विभाग की लापरवाही से जोड़ते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
विद्युत लाइनों की ऊंचाई सुरक्षित कराने की मांग
क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग से पूरे मामले की जांच कराने और हादसे के कारणों का पता लगाने की मांग की है। साथ ही सड़क के ऊपर से गुजर रही कम ऊंचाई वाली विद्युत लाइनों को सुरक्षित ऊंचाई पर कराने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
हादसे में एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग को इस घटना से सबक लेते हुए शहर के अन्य इलाकों में भी सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की स्थिति की जांच करानी चाहिए, जिससे किसी अन्य व्यक्ति को अपनी जान न गंवानी पड़े।

