मुजफ्फरनगर। चरथावल कस्बे में जमीन के कथित फर्जी बैनामे तैयार कर अवैध कब्जा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। इस मामले में चर्चित तसनीम उर्फ लाल्ला समेत चार नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। न्यायालय सिविल जज (सीनियर डिवीजन), कोर्ट संख्या-2 के आदेश पर चरथावल पुलिस ने धोखाधड़ी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बैनामा कराने के बाद मिला था जमीन पर कब्जा
कस्बे के मोहल्ला मुर्दापट्टी निवासी कुमारी लाईबा पुत्री शमशेर ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने 2 सितंबर 2024 को मौजा चरथावल स्थित खसरा संख्या 3190 में 320 वर्गगज यानी 0.0265 हेक्टेयर भूमि का बैनामा असल मालिक फुरकान पुत्र अख्तर निवासी कुटेसरा से कराया था। पीड़िता के अनुसार, बैनामा होने के बाद उन्हें संबंधित भूमि पर कब्जा भी मिल गया था।

फर्जी बैनामों के आधार पर कब्जे की कोशिश का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि कस्बा निवासी तसनीम पुत्र मुस्तफा, इंतजार पुत्र शरफुद्दीन, नौशाद पुत्र अब्दुल करीम और शमशाद पुत्र अब्दुल करीम ने आपस में मिलीभगत कर खसरा संख्या 3190 में अपने हिस्से से अधिक भूमि के फर्जी बैनामे करा लिए। आरोप है कि इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर चारों ने 26 अगस्त 2026 को पीड़िता की जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई।
समझौते का भरोसा देकर मुकदमा वापस कराने का आरोप
लाईबा के मुताबिक, जमीन को लेकर पहले भी न्यायालय में वाद दायर किया गया था। उस दौरान आरोपियों ने मौजिज लोगों की मौजूदगी में समझौता करने और जमीन पर कब्जा नहीं करने का भरोसा दिलाया था। पीड़िता का आरोप है कि इसी भरोसे पर मुकदमा वापस ले लिया गया, लेकिन बाद में आरोपी अपने वादे से मुकर गए।
पिता के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी
प्रार्थना पत्र के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 की शाम करीब चार बजे चारों नामजद आरोपी अपने एक अज्ञात साथी के साथ पीड़िता के घर के पास पहुंचे। आरोप है कि वहां उन्होंने पीड़िता के पिता शमशेर के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़िता ने बताया कि मामले में पहले थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्तर पर शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के आदेश पर 19 नवंबर 2026 को चरथावल थाने में तसनीम उर्फ लाल्ला समेत चार नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक आयुष्मान शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस अब जमीन के दस्तावेजों और मारपीट से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।

