मुजफ्फरनगर। जिले में गुरुवार सुबह खालापार थाना पुलिस और डीजल चोरी करने वाले गिरोह के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना पानीपत–खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर राणा चौक से शामली की ओर जाते समय काली नदी पुल से पहले जंगल क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।

पुलिस के अनुसार घायल बदमाश की पहचान शहजाद पुत्र इस्लाम निवासी गांव मन्ना माजरा, थाना कैराना, जनपद शामली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शहजाद अपने साथी आसिफ के साथ स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाता था और उनके डीजल टैंकों के ताले तोड़कर डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसमें सवार दोनों व्यक्ति वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। पीछा किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर कथित तौर पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में शहजाद के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा। जबकि उसका साथी आसिफ घने जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने घायल बदमाश को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है।
घटनास्थल से पुलिस ने एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, स्विफ्ट डिजायर कार तथा छह प्लास्टिक कैन बरामद किए हैं, जिनमें से तीन में डीजल भरा हुआ था। बरामद डीजल की कुल मात्रा लगभग 120 लीटर बताई जा रही है।
पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में कांबिंग अभियान तेज कर दिया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से हाईवे पर खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

