मुजफ्फरनगर में दुकान के सामने होली खेलने से रोका तो दुकानदार के सिर पर ईंट से किया हमला, आरोपी की जमानत खारिज

मुजफ्फरनगर में दुकान के सामने होली खेलने से रोका तो दुकानदार के सिर पर ईंट से किया हमला, आरोपी की जमानत खारिज

मुजफ्फरनगर। दुकान के सामने होली खेलने का विरोध करना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। विरोध से नाराज युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान दुकानदार के सिर पर ईंट से हमला किया गया, जिससे उसकी सिर की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। मामले में जेल में बंद आरोपी आयुष राणा को अदालत से राहत नहीं मिली। मेडिकल रिपोर्ट में चोट की गंभीरता सामने आने के बाद विशेष न्यायाधीश (ईसी एक्ट) रेखा सिंह ने उसकी जमानत अर्जी खारिज कर दी।

दुकान के सामने होली खेलने को लेकर हुआ विवाद

अभियोजन के अनुसार, मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है। घटना चार मार्च 2026 की है। उस समय वादी अपनी दुकान पर मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान आयुष राणा अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और दुकान के सामने होली खेलने लगा। दुकानदार ने जब दुकान के सामने होली खेलने का विरोध किया तो आरोपी और उसके साथी नाराज हो गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज शुरू हो गई।

ईंट से सिर पर हमला कर किया घायल

आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसके सिर पर ईंट से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी आयुष राणा और उसके साथी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल दुकानदार का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में उसके सिर की हड्डी में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई।

मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जमानत अर्जी खारिज

मामले में जेल में बंद आयुष राणा की ओर से अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कोर्ट नंबर-चार की अदालत में जमानत अर्जी दाखिल की गई थी। सुनवाई के दौरान अदालत ने मेडिकल दस्तावेजों और पूरक चिकित्सकीय रिपोर्ट का परीक्षण किया। रिपोर्ट में सिर में फ्रैक्चर और चोटों की गंभीरता सामने आई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश (ईसी एक्ट) रेखा सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को जमानत देने से इन्कार कर दिया और उसकी अर्जी खारिज कर दी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *