मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव दधेडू खुर्द निवासी एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के आठ अन्य लोगों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। विवाहिता के मुताबिक ससुराल वाले मायके से बोलेरो गाड़ी और दो लाख रुपये नकद लाने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और आरोप है कि पति ने दुपट्टे से उसका गला घोंटकर जान लेने का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर चरथावल पुलिस ने पति समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शादी में करीब 12 लाख रुपये खर्च करने का दावा
तहरीर के अनुसार, दधेडू खुर्द निवासी मुस्कान पुत्री इमरान की शादी एक मई 2024 को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार मिमलाना रोड, मुजफ्फरनगर निवासी मेहरबान पुत्र इदरीश के साथ हुई थी। विवाहिता का कहना है कि उसके पिता ने अपनी आर्थिक स्थिति से अधिक खर्च करते हुए शादी में करीब 12 लाख रुपये खर्च किए थे।

विवाह के दौरान मायके पक्ष की ओर से सोने-चांदी के जेवरात, घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े सहित अन्य सामान उपहार में दिया गया था। आरोप है कि इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद ही पति मेहरबान, सास मुनीजा, ससुर इदरीश, जेठ इसरार व शौकीन, जेठानियां शबनम व शमां, ननदोई इमत्याज और ननद शब्बो अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मुस्कान को परेशान करने लगे।
विवाहिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग लगातार मायके से बोलेरो गाड़ी और दो लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाते थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे ताने दिए जाते और उसके साथ मारपीट की जाती थी।
मारपीट के दौरान दुपट्टे से गला घोंटने का आरोप
तहरीर में विवाहिता ने 18 अप्रैल 2026 की घटना का भी उल्लेख किया है। उसके मुताबिक वह घर में घरेलू काम कर रही थी, तभी ससुराल पक्ष के लोगों ने फिर से बोलेरो गाड़ी और दो लाख रुपये की मांग की। मुस्कान ने अपने पिता की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
विवाहिता का आरोप है कि इसी दौरान उसके पति मेहरबान ने उसके गले में पड़े दुपट्टे को कसकर उसका गला घोंटने का प्रयास किया। किसी तरह वह खुद को बचाने में सफल रही और घटना की जानकारी फोन पर अपने पिता को दी। सूचना मिलने के बाद उसके पिता बेटी को लेने ससुराल पहुंचे।
14 माह की बच्ची को छीनने का भी आरोप
विवाहिता के अनुसार, जब उसके पिता उसे और उसकी करीब 14 माह की बेटी मरियम को अपने साथ मायके ले जाने लगे तो ससुराल पक्ष के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उसकी बच्ची को जबरन उससे अलग कर अपने पास रख लिया गया।
मुस्कान का कहना है कि बच्ची को अपने से अलग किए जाने के बाद वह बेहद परेशान रही। इसी बीच उसी दिन करीब 10:10 बजे उसके पति मेहरबान ने उसे फोन किया। आरोप है कि पति ने फोन पर दोबारा बोलेरो गाड़ी और दो लाख रुपये की व्यवस्था करने को कहा। जब मुस्कान ने अपने पिता की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो पति ने कथित तौर पर फोन पर तीन बार ‘तलाक’ कह दिया।
पहले भी शिकायत देने का दावा
विवाहिता ने तहरीर में बताया कि घटना के संबंध में उसने 19 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली नगर मुजफ्फरनगर में भी लिखित शिकायत दी थी। उसका आरोप है कि वहां से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उसने महिला थाने में भी शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई।
इसके बाद अब चरथावल थाने में मुकदमा संख्या 179/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने विवाहिता की शिकायत के आधार पर पति मेहरबान, सास मुनीजा, ससुर इदरीश, जेठ इसरार व शौकीन, जेठानियां शबनम व शमां, ननदोई इमत्याज और ननद शब्बो के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

