मुजफ्फरनगर में दहेज की हद पार! 19 लाख खर्च और 10 लाख नकद देने के बाद भी मांगी स्कॉर्पियो, पति पर गला घोंटकर मारने की कोशिश का आरोप; पांच पर केस

मुजफ्फरनगर में दहेज की हद पार! 19 लाख खर्च और 10 लाख नकद देने के बाद भी मांगी स्कॉर्पियो, पति पर गला घोंटकर मारने की कोशिश का आरोप; पांच पर केस

मुजफ्फरनगर। शादी में करीब 19 लाख रुपये खर्च करने और ससुराल पक्ष को 10 लाख रुपये नकद देने के बावजूद अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और जान से मारने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल वाले विवाहिता पर मायके से स्कॉर्पियो कार लाने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की गई और पति ने गला घोंटकर जान लेने की कोशिश की। इसके बाद विवाहिता को केवल पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने पति समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी में 19 लाख रुपये खर्च और 10 लाख नकद देने का दावा

शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 20 फरवरी 2026 को बागपत जिले के बिराल थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर बिराल निवासी आशीष तोमर के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाहिता के अनुसार, शादी में उसके माता-पिता ने करीब 19 लाख रुपये खर्च किए थे। इस दौरान सोने-चांदी के आभूषण, कीमती कपड़े और घरेलू उपयोग का सामान स्त्रीधन के रूप में दिया गया था। इसके अलावा ससुराल पक्ष को 10 लाख रुपये नकद भी दिए गए थे। आरोप है कि इतना सब कुछ देने के बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए और शादी के तुरंत बाद ही अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी।

स्कॉर्पियो कार की मांग को लेकर शुरू किया उत्पीड़न

विवाहिता का आरोप है कि पति आशीष तोमर, ससुर सुभाष तोमर, सास मुनेश तोमर, चचिया सास मंजू तोमर और जेठ मिक्की शादी में मिले सामान और नकदी से खुश नहीं थे। शादी के दूसरे दिन से ही कम दहेज लाने के ताने देकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाने लगा। ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में स्कॉर्पियो कार की मांग करने लगे। विवाहिता को ताना दिया जाता था कि उनका बेटा यूपी पुलिस में है और उसकी शादी में स्कॉर्पियो कार मिलनी चाहिए थी। उससे बार-बार अपने पिता से कार लेकर आने का दबाव बनाया जाता था। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।

जेठ पर जान से मारने के लिए उकसाने का आरोप

विवाहिता ने शिकायत में आरोप लगाया कि 8 मार्च 2026 की सुबह उसके जेठ मिक्की, जो यूपी पुलिस में दरोगा बताए गए हैं, ने ससुर से कहा कि बार-बार कहने के बावजूद विवाहिता मायके से स्कॉर्पियो कार नहीं ला रही है और उसे जान से मार दिया जाए। आरोप है कि इसके बाद जेठ, पति, ससुर और सास सहित अन्य लोगों ने एकराय होकर उसके साथ लात-घूंसों से बुरी तरह मारपीट की। इसी दौरान पति आशीष तोमर ने जान से मारने की नीयत से उसका गला घोंटने का प्रयास किया। विवाहिता ने किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर शोर मचाया।

केवल पहने हुए कपड़ों में घर से निकाला

शिकायत के मुताबिक, मारपीट के बाद ससुराल वालों ने विवाहिता को केवल पहने हुए कपड़ों में धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया। उसे साफ कह दिया गया कि यदि ससुराल में रहना है तो मायके से स्कॉर्पियो कार लेकर आनी होगी, अन्यथा उसे घर में नहीं रखा जाएगा। विवाहिता ने मायके पहुंचकर अपने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसके पिता ससुराल पहुंचे और परिवार के लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि जेठ मिक्की ने उनके साथ भी गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। उन्हें विवाहिता को घर में प्रवेश नहीं कराने और मारकर भगाने की धमकी दी गई।

मांग पूरी नहीं होने पर जिंदा जलाने की धमकी

विवाहिता के अनुसार, उसके पिता और परिवार के अन्य लोगों ने कई बार ससुराल पक्ष के लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे स्कॉर्पियो कार की मांग पर अड़े रहे। आरोप है कि ससुराल वालों ने धमकी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, वे विवाहिता को वापस नहीं ले जाएंगे। इतना ही नहीं, बिना मांग पूरी किए दोबारा ससुराल आने पर उसे जिंदा जलाने की धमकी भी दी गई। लगातार मिल रही धमकियों और उत्पीड़न के चलते विवाहिता तभी से अपने मायके में रह रही है।

पति समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

लगातार उत्पीड़न और जान से मारने की धमकियों से परेशान होकर विवाहिता ने शहर कोतवाली पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति आशीष तोमर, ससुर सुभाष तोमर, सास मुनेश तोमर, चचिया सास मंजू तोमर और जेठ मिक्की के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *