मुजफ्फरनगर। दीपावली के त्योहार पर जहां लोग खुशियां मनाने और एक-दूसरे को मिठाई बांटने में व्यस्त थे, वहीं तितावी थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। काजीखेड़ा के निकट गढ़ी देशराज की पुलिया के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान सोमवार रात जगाहेड़ी निवासी 38 वर्षीय अवनेश की मौत हो गई। वहीं, बघरा निवासी 35 वर्षीय मुकुल सैनी की हालत गंभीर बनी हुई है।

मिठाई लेने बघरा जा रहा था अवनेश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तितावी थाना क्षेत्र के गांव जगाहेड़ी निवासी अवनेश दीपावली के दिन बाइक से मिठाई लेने के लिए बघरा जा रहा था। जब वह काजीखेड़ा के निकट गढ़ी देशराज की पुलिया के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बघरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। अवनेश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
दूसरी बाइक पर सवार बघरा निवासी मुकुल सैनी को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम
अवनेश की मौत की खबर जैसे ही उसके परिजनों तक पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। दीपावली के त्योहार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब शोक का माहौल है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
मामले में विवेचक जयवीर चौधरी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले अवनेश के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
दीपावली के दिन हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क पर सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित किया है। थोड़ी सी लापरवाही या तेज रफ्तार किस तरह किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है, इस घटना ने इसका दर्दनाक उदाहरण पेश किया है।

