भोपा (मुजफ्फरनगर)। जनपद के भोपा थाना क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर में शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। गंग नहर पुल के समीप भोकरहेड़ी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। एक ही गांव के दो लोगों की मौत से सिकंदरपुर सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार की देर शाम ग्राम सिकंदरपुर निवासी 45 वर्षीय समर पाल उर्फ लीलू पुत्र वेदपाल और 48 वर्षीय आजाद पुत्र घसीटा अपनी मोटरसाइकिल से किसी घरेलू कार्य के लिए जा रहे थे। जब वे गंग नहर पुल के पास भोकरहेड़ी मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, तभी उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों की मदद से भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया। समर पाल उर्फ लीलू को जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आजाद को परिजन एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
दोनों ग्रामीणों की मौत की सूचना जैसे ही सिकंदरपुर गांव पहुंची, परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए। गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर भोपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही दूसरी बाइक और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

