मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार बस का कहर! साइकिल से घर लौट रही 13 साल की कनीका को कुचला, एक हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त; हालत गंभीर

मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार बस का कहर! साइकिल से घर लौट रही 13 साल की कनीका को कुचला, एक हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त; हालत गंभीर

जानसठ (मुजफ्फरनगर)। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर  तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने साइकिल से घर लौट रही 13 वर्षीय छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस छात्रा को साइकिल समेत काफी दूर तक घसीटती चली गई। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका एक हाथ बुरी तरह कुचल गया। घायल छात्रा को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे मुजफ्फरनगर के आनंद अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

ट्यूशन से लौटते समय बस ने मारी टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम वाजिदपुर कवाली निवासी श्यामलाल सैनी की 13 वर्षीय पुत्री कनीका सैनी कक्षा नौ की छात्रा है। वह रविवार सुबह जानसठ कस्बे में ट्यूशन पढ़ने गई थी। ट्यूशन के बाद वह साइकिल से अपने गांव लौट रही थी। बताया गया कि भाकियू (अराजनैतिक) सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष महक सिंह सैनी की भतीजी कनीका जब पानीपत-खटीमा हाईवे पर गांव वाजिदपुर कवाली कट के पास पहुंची, तभी मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही एक प्राइवेट बस ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी।

टक्कर लगने के बाद छात्रा साइकिल समेत बस की चपेट में आ गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे में उसका एक हाथ बुरी तरह कुचल गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

गंभीर हालत में आनंद अस्पताल में भर्ती

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। छात्रा की हालत देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कनीका को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए मुजफ्फरनगर के आनंद अस्पताल ले गए, जहां उसे भर्ती कराया गया है।

बस जब्त, फरार चालक की तलाश में पुलिस

हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानसठ कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस जब्त कर ली गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *