मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार कार का कहर! भैंसा-बुग्गी को टक्कर मार बाइक सवार को भी रौंदा, दो गंभीर घायल; भैंसे को भी आईं चोटें

मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार कार का कहर! भैंसा-बुग्गी को टक्कर मार बाइक सवार को भी रौंदा, दो गंभीर घायल; भैंसे को भी आईं चोटें

मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से भैंसा-बुग्गी पर सवार व्यक्ति और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में भैंसा-बुग्गी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें जुते भैंसे को भी गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में पीड़ित के भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीछे से तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

गांव बुड़ीना कलां निवासी धर्मेंद्र कुमार ने तितावी थाने में दी गई शिकायत में बताया कि उनके चाचा नीटू पुत्र सुखबीर सिंह 16 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:15 बजे अपनी भैंसा-बुग्गी लेकर धौलरा से तितावी चीनी मिल की ओर जा रहे थे। वह सड़क पर अपनी सही दिशा में चल रहे थे। आरोप है कि नदी के पुल से पहले पीछे से तेज गति से आ रही टाटा टियागो कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए भैंसा-बुग्गी में जोरदार टक्कर मार दी।

बाइक भी कार की चपेट में आई, भैंसे को गंभीर चोटें

टक्कर इतनी जोरदार थी कि भैंसा-बुग्गी क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें जुते भैंसे को गंभीर चोटें आईं। बुग्गी पर बैठे नीटू के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें पहुंचीं। इसी दौरान बुग्गी के बराबर से गुजर रही बाइक भी कार की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

एंबुलेंस से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की सहायता से नीटू और बाइक चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों घायलों का उपचार चल रहा है।

अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

धर्मेंद्र कुमार ने कार चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर तितावी थाना पुलिस ने टाटा टियागो कार संख्या HR26EJ1196 के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *