मुजफ्फरनगर में खेत में लोहे के तार के फंदे में फंसा तेंदुआ, दहाड़ सुनकर किसानों में मची भगदड़; रेस्क्यू के दौरान गाड़ी पर झपटा, टायर हुआ पंक्चर

मुजफ्फरनगर में खेत में लोहे के तार के फंदे में फंसा तेंदुआ, दहाड़ सुनकर किसानों में मची भगदड़; रेस्क्यू के दौरान गाड़ी पर झपटा, टायर हुआ पंक्चर

मोरना (मुजफ्फरनगर)। हस्तिनापुर वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में खेतों में लगाए जा रहे लोहे के तारों के फंदे वन्यजीवों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। मोरना वन रेंज के भुवापुर खादर गांव के जंगल में लोहे के तार के फंदे में फंसकर एक तेंदुआ घायल हो गया। तेंदुए की दहाड़ सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित फंदे से मुक्त कराया। रेस्क्यू के दौरान दर्द से परेशान तेंदुए ने वन विभाग की गाड़ी के पहिये पर झपट्टा मार दिया, जिससे टायर पंक्चर हो गया। वन विभाग ने अवैध तारबाड़ और फंदे लगाने के मामले में पांच लोगों के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया है।

किसानों की सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

जानकारी के अनुसार, भुवापुर खादर गांव के जंगल में एक खेत में लोहे का तारों वाला फंदा लगाया गया था। इसी में तेंदुआ फंस गया। फंदे में फंसने के बाद तेंदुए ने जोर-जोर से दहाड़ना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान घबरा गए। किसानों ने तत्काल शुकतीर्थ स्थित वन विभाग कार्यालय को सूचना दी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी रविकांत चौधरी विशेष जाल लगी गाड़ी और टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

घंटों की मशक्कत के बाद फंदे से निकला तेंदुआ

वन विभाग की टीम ने सावधानी बरतते हुए तेंदुए को फंदे से निकालने का प्रयास शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद तार का फंदा ढीला किया जा सका और तेंदुआ उससे मुक्त हो गया। आजाद होते ही वह तेजी से जंगल की ओर भाग निकला। रेस्क्यू के दौरान तेंदुए ने वन विभाग की गाड़ी के पहिये पर झपट्टा मार दिया, जिससे टायर पंक्चर हो गया। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। खेतों के आसपास तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए किसान वहां जाने से भी डर रहे हैं।

पांच लोगों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम में कार्रवाई

शुकतीर्थ के डिप्टी वन रेंजर नंदकिशोर शर्मा ने बताया कि भुवापुर और आसपास का खादर क्षेत्र हस्तिनापुर वन्यजीव अभयारण्य के अंतर्गत आता है। यहां वन्यजीवों के विचरण और प्रवास के लिए अनुकूल वातावरण है। उन्होंने कहा कि खेतों में अवैध रूप से लोहे की तारबाड़ और फंदे लगाने से जंगली जानवर इनके चपेट में आकर घायल हो सकते हैं।

उन्होंने बताया कि भुवापुर निवासी सतेंद्र और धारीवाला निवासी जीतू सहित पांच लोगों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है। क्षेत्र के गांवों में मुनादी कराकर खेतों से अवैध तारबाड़ और झटका मशीनें हटवाने के लिए अभियान भी चलाया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *