मुजफ्फरनगर में काली नदी को बचाने के लिए आगे आए युवा, मांग रहे सहयोग

मुजफ्फरनगर। काली नदी (पश्चिमी) को बचाने के लिए युवा आगे आए हैं। इसके लिए वे गांवों में बैठक कर ग्रामीणों को अपने साथ जोड़ रहे हैं। मंगलवार को युवाओं ने घनश्यामपुरा गांव में बैठक कर ग्रामीणों से काली नदी की सफाई और इसे प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए आंदोलन में सहयोग मांगा। सहारनपुर से निकली हिंडन नदी (काली पश्चिमी) के किनारे बसे गांवों में भूगर्भ जल की स्थिति चिंताजनक हो गई है।

नदी में औद्योगिक इकाइयों का दूषित जल गिरने के कारण यह कहर बरपा रही है। रतनपुरी क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांव काली नदी के प्रदूषण की चपेट में हैं। इन गांवों में पानी पीने योग्य नहीं बचा है। ग्रामीणों में तरह-तरह की बीमारी फैल रही हैं। नदी की साफ सफाई भी प्रशासन की लापरवाही की भेंट चढ़ी हुई है। मंगलवार को गांव घनश्यामपुरा के प्रधान सुभाष के आवास पर युवाओं ने काली नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने और सफाई अभियान को लेकर बैठक की और ग्रामीणों को जागरूक किया। अभियान से लोगों से जुड़ने का आह्वान किया। इस दौरान धीरज कुशवाहा मंडावली खादर, बब्बू सोम, पिंकू सोम, मास्टर सत्यजीत, जितेंद्र चौहान, सत्यदेव शर्मा, समोली अंकित त्यागी, नरेश त्यागी, सोनू त्यागी आदि मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *