मुजफ्फरनगर में ऑपरेशन कवच: जमीन कब्जाने पहुंचे 20 आरोपी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद

मुजफ्फरनगर में ऑपरेशन कवच: जमीन कब्जाने पहुंचे 20 आरोपी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद

मुजफ्फरनगर। जिले के खादर क्षेत्र में कीमती और विवादित जमीनों पर अवैध कब्जा करने तथा जमीन के विवादों में हथियारों के दम पर अपना वर्चस्व कायम करने के कथित संगठित नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। थाना भोपा पुलिस ने ऑपरेशन कवच के तहत कार्रवाई करते हुए तीन लग्जरी गाड़ियों में सवार 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी भारी मात्रा में हथियारों के साथ खादर क्षेत्र में एक विवादित जमीन पर कब्जा करने के इरादे से पहुंचे थे। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तराखंड के हरिद्वार जिले का एक पंजीकृत हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह तमंचे, एक पिस्टल, एक पोनिया राइफल, एक फैक्ट्री मेड दोनाली बंदूक, एक राइफल, कुल 48 जिंदा कारतूस, एक तलवार और नौ लकड़ी के डंडे बरामद किए हैं। इसके अलावा मौके से स्कॉर्पियो एन, स्कॉर्पियो क्लासिक और थार सहित तीन लग्जरी गाड़ियों को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पूरे मामले का खुलासा किया।

मुखबिर की सूचना पर भोपा पुलिस ने की घेराबंदी

एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देश और उनके पर्यवेक्षण में जिले में ऑपरेशन कवच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 15 नवंबर को थाना भोपा पुलिस की टीम शुक्रताल चौकी क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गंगा घाट के पार की ओर से तीन गाड़ियों में सवार होकर 20 से 25 लोग आ रहे हैं। उनके पास भारी मात्रा में अवैध हथियार होने की जानकारी भी दी गई थी।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची और घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। कुछ समय बाद पुलिस को सामने से तीन गाड़ियां आती दिखाई दीं। इनमें एक काले रंग की स्कॉर्पियो एन, एक स्कॉर्पियो क्लासिक और एक थार शामिल थी। पुलिस ने तीनों वाहनों को रोककर उनमें सवार लोगों को नीचे उतारा और तलाशी शुरू कर दी।

तीन गाड़ियों से मिला हथियारों का जखीरा

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के छह तमंचे बरामद हुए। इसके अलावा .32 बोर की एक पिस्टल और उसके साथ पांच जिंदा कारतूस मिले। पुलिस को .22 बोर की एक पोनिया राइफल भी मिली, जिसमें मैगजीन लगी हुई थी और उसके साथ पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

इसके अलावा 12 बोर की फैक्ट्री मेड दोनाली बंदूक के साथ 20 जिंदा कारतूस तथा 315 बोर की फैक्ट्री मेड राइफल के पास से 18 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस तरह पुलिस ने कुल 48 जिंदा कारतूस कब्जे में लिए। हथियारों के साथ एक तलवार और नौ लकड़ी के डंडे भी बरामद हुए। पुलिस ने तीनों वाहनों को भी सीज करने की कार्रवाई की है।

विवादित जमीन पर कब्जे के लिए जुटे थे आरोपी: पुलिस

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खादर क्षेत्र की कीमती और विवादित जमीनों से जुड़े एक कथित संगठित नेटवर्क की जानकारी सामने आई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी आपस में मिलकर जमीनों की खरीद-फरोख्त और उन पर जबरन कब्जा करने का काम करते थे। जिन जमीनों के मालिकाना हक या कब्जे को लेकर विवाद होता था, वहां हथियारों के साथ पहुंचकर विरोध करने वालों को डराने और दबाव बनाने का प्रयास किया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे जिस दिन पकड़े गए, उस दिन भी खादर क्षेत्र की एक कीमती और विवादित जमीन पर कब्जा करने के इरादे से पहुंचे थे। उनका उद्देश्य विरोध करने वाले लोगों को हथियारों के बल पर भयभीत कर अपने पक्ष में दबाव बनाना था। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के चलते वे अपने कथित मंसूबे में सफल नहीं हो सके।

हरिद्वार का हिस्ट्रीशीटर भी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में सुरेंद्र सिंह पुत्र तेजपाल सिंह निवासी ग्राम खेड़ा, थाना मंगलौर, जिला हरिद्वार (उत्तराखंड) भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र सिंह मंगलौर थाने का पंजीकृत हिस्ट्रीशीटर है और उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 524ए है। पुलिस अभिलेखों के मुताबिक, उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि वर्ष 1986 से 2026 तक उसके खिलाफ मंगलौर, भोपा, मंडावर और छपार थानों में विभिन्न मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।

इसके अलावा गिरफ्तार आरोपी गौरव निवासी भोकरहेड़ी के खिलाफ भी थाना भोपा में पूर्व में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके आपसी संपर्कों की जांच कर रही है।

मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों और राज्यों के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 20 आरोपी अलग-अलग जिलों और राज्यों के रहने वाले हैं। इनमें मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली, बागपत, सहारनपुर, हरिद्वार, अमरोहा, पिथौरागढ़, गोरखपुर, बाराबंकी, दिल्ली और हरियाणा के निवासी शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पते इस प्रकार हैं।

सुरेंद्र सिंह पुत्र तेजपाल सिंह निवासी ग्राम खेड़ा, थाना मंगलौर, जिला हरिद्वार, उत्तराखंड।

गौरव निवासी भोकरहेड़ी, मुजफ्फरनगर।

वेदांत निवासी मवाना, जिला मेरठ।

प्रियांशु निवासी करनाल, हरियाणा।

सुजीत निवासी गढ़ी फरीदपुर, जिला अमरोहा।

अर्श निवासी नन्हेड़ा, थाना भोपा, मुजफ्फरनगर।

वैदिक निवासी चंदेना, देवबंद, जिला सहारनपुर।

राजेंद्र सिंह निवासी भोकरहेड़ी, मुजफ्फरनगर।

वंश निवासी बनत, जिला शामली।

विपिन निवासी शाहडब्बर, मुजफ्फरनगर।

आर्यन निवासी सिसौली, जिला मेरठ।

हर्षित पटवाल निवासी दिल्ली।

आर्यन जावला निवासी बड़ौत, जिला बागपत।

उज्ज्वल रावत निवासी लक्सर, जिला हरिद्वार, उत्तराखंड।

सागर भारद्वाज निवासी बड़ौत, जिला बागपत।

हर्ष निवासी बड़खेड़ा सादात, जिला अमरोहा।

साहिल सिंह सामंत निवासी पिथौरागढ़, उत्तराखंड।

श्रीजन शुक्ला निवासी गोरखपुर।

मानस निवासी झज्जर, हरियाणा।

अनंत प्रताप सिंह निवासी बाराबंकी।

आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज, नेटवर्क की जांच शुरू

भोपा पुलिस ने सभी 20 आरोपियों के खिलाफ थाना भोपा में मुकदमा अपराध संख्या 290/2026 के तहत धारा 3/5/25/35 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि खादर क्षेत्र की किन-किन विवादित जमीनों से आरोपियों का संबंध रहा है और इस कथित नेटवर्क में इनके अलावा अन्य कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने पूर्व में किन जमीनों पर कब्जे का प्रयास किया और उनके खिलाफ दूसरे जिलों या राज्यों में कितने आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

एसएसपी के निर्देशन में गठित टीम ने की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी भोपा राधारमण सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार, उपनिरीक्षक विवेक चौधरी, उपनिरीक्षक सपन चौधरी, उपनिरीक्षक पिंटू चौधरी, उपनिरीक्षक साजिद खान, उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल आदित्य चौधरी, हेड कांस्टेबल सुशील कुमार, हेड कांस्टेबल विनय कुमार तथा कांस्टेबल चंद्रशेखर, मुकेश राठी, अरविंद सिंह, रितिक कुमार, प्रमोद कुमार, प्रवीण कुमार, दलेल यादव, सुंदर सिंह, गुलवीर सिंह, रोबिन सिंह और धर्मवीर सिंह शामिल रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *