मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर मंदिर के बाहर नगर पालिका के वाटर कूलर और विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विद्युत पोल टूटकर सड़क पर जा गिरा, जबकि वाटर कूलर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद साकेत क्षेत्र की बिजली आपूर्ति लंबे समय तक प्रभावित रही। गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क पर कोई राहगीर चपेट में नहीं आया।

घटना देर रात करीब 12:30 बजे साकेत पुलिस चौकी के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज गति से आ रही थी। अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार पहले नगर पालिका के वाटर कूलर से टकराई और फिर विद्युत पोल से जा भिड़ी। जोरदार टक्कर के बाद पोल टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर वाटर कूलर और बिजली के पोल से टकराने का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। फुटेज सामने आने के बाद हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मेडिकल में अल्कोहल मिलने का पुलिस का दावा
सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक कार में दो युवक सवार थे और दोनों साकेत कॉलोनी के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उनके शरीर में अल्कोहल की पुष्टि हुई।
हादसे के बाद पुलिस ने घटना की जानकारी ली। हालांकि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई। पुलिस के अनुसार विद्युत विभाग और नगर पालिका को हुए नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिए जाने के बाद मामले में आपसी समझौता हो गया।
बिजली विभाग ने 15 हजार रुपये का आकलन किया
साकेत चौकी प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि विद्युत विभाग की ओर से टूटे पोल और उससे जुड़े नुकसान का आकलन कर करीब 15 हजार रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। कार सवार युवकों की ओर से नुकसान की भरपाई करने की बात कही गई है।
हादसे के बाद विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और टूटे पोल को हटाकर नया पोल लगाने का काम शुरू किया। पोल बदलने और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने में कई घंटे लगे, जिसके चलते साकेत क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
वाटर कूलर की क्षति की भरपाई का भी आश्वासन
टक्कर से नगर पालिका का वाटर कूलर भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के मुताबिक कार सवार युवकों ने वाटर कूलर को हुए नुकसान की भरपाई करने का भी आश्वासन दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा आधी रात के समय हुआ, इसलिए बड़ा जनहानि का हादसा टल गया। यदि उस समय सड़क पर राहगीरों की आवाजाही होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। फिलहाल पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के कारण घटना को लेकर कोई लिखित मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है।

