मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के तहत खालापार पुलिस ने घरेलू विवाद के दौरान पत्नी को कथित तौर पर सिर फोड़ने की धमकी देने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी पत्नी के साथ घरेलू बातों को लेकर झगड़ा कर रहा था और समझाने के बावजूद शांत नहीं हुआ। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बाद में नगर मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस अधीक्षक अपराध के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर रही थी।

कुंगर पट्टी में घरेलू विवाद की सूचना
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक महेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस टीम, एंटी रोमियो टीम और मिशन शक्ति टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम सुजडू के कुंगर पट्टी क्षेत्र में पुलिस टीम पहुंची तो एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ विवाद करता मिला।
पुलिस के अनुसार मौके पर राजेश उर्फ टीटू पुत्र रामशरण निवासी मकान नंबर 776, कुंगर पट्टी, ग्राम सुजडू, थाना खालापार अपनी पत्नी सीमा के साथ घरेलू विवाद कर रहा था। आरोप है कि विवाद के दौरान वह अपनी पत्नी को सिर फोड़ने की धमकी दे रहा था। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई थी।
समझाने के बाद भी नहीं माना
पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार बार-बार समझाने के बावजूद आरोपी शांत होने को तैयार नहीं हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए आरोपी के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस ने राजेश उर्फ टीटू को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
नगर मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए नगर मजिस्ट्रेट के न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के बाद मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक अपराध एवं मिशन शक्ति प्रभारी संजय गिरि, उपनिरीक्षक महेन्द्र प्रताप सिंह, महिला कांस्टेबल पिंकी कसाना, महिला कांस्टेबल सीता और विजय कुमार शामिल रहे।

