मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। थाना क्षेत्र के गांव काममपुर खोला में सोमवार सुबह गाली-गलौज और मारपीट के दौरान बीच-बचाव कराने पहुंची 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोप है कि झगड़े में बीच-बचाव करने पर युवक ने महिला को जोरदार धक्का दे दिया, जिससे वह पक्के रास्ते पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गईं। परिजनों ने उन्हें जानसठ सीएचसी पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

रास्ते में गाली-गलौज के बाद शुरू हुआ विवाद
काममपुर खोला निवासी मनीष शर्मा पुत्र राम अवतार ने मीरापुर थाने में दी तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह वह निजी काम से घर से बाहर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव निवासी रवि ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर रवि ने उसके साथ मारपीट कर दी।

मनीष का आरोप है कि रवि पहले भी कई बार उसके साथ बेवजह विवाद और झगड़ा कर चुका है।
बीच-बचाव करने पहुंचीं बुआ को धक्का देने का आरोप
रास्ते में दोनों के बीच हो रहे विवाद को देखकर मनीष की 60 वर्षीय बुआ कमला देवी मौके पर पहुंचीं और दोनों को समझाकर झगड़ा शांत कराने का प्रयास करने लगीं।
आरोप है कि इसी दौरान रवि ने कमला देवी को जोर से धक्का दे दिया। धक्का लगने से बुजुर्ग महिला अपना संतुलन खो बैठीं और पक्के रास्ते पर गिर गईं। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं।
जानसठ सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण घायल कमला देवी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
मीरापुर इंस्पेक्टर राजीव शर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

