मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव कैथोडा में दबंगों द्वारा घर में घुसकर गर्भवती महिला समेत तीन लोगों पर कथित रूप से लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने घर में मारपीट करने के बाद थाने जाते समय रास्ते में दोबारा घेरकर हमला किया और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने महिला की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता शहजादी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के रहने वाले रशीद, वाजिद, साजिद और शहजाद लाठी-डंडे लेकर जबरन उनके घर में घुस आए। आरोप है कि घर में प्रवेश करते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

पीड़िता के अनुसार, मारपीट के दौरान घर में मौजूद एक गर्भवती महिला को भी नहीं बख्शा गया। आरोप है कि उसके पेट पर लात मारी गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिवार का आरोप है कि जब वे शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने जा रहे थे, तभी रास्ते में आरोपियों ने उन्हें फिर से रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने दोबारा मारपीट की और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए पीड़िता की तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा ने बताया कि घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

