मीरजापुर में रेलवे पुल के नीचे मिला अधेड़ का खून से लथपथ शव, हत्या की आशंका

मीरजापुर में रेलवे पुल के नीचे मिला अधेड़ का खून से लथपथ शव, हत्या की आशंका

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के नदिहार गांव के पास सोमवार सुबह चोपन-चुनार रेल मार्ग के किनारे निर्माणाधीन नई रेलवे लाइन के पुल के नीचे एक अधेड़ व्यक्ति का लहूलुहान शव मिला है। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सोमवार सुबह गैंगमैन दिनेश कुमार रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करने निकले थे। इसी दौरान चुनार-चोपन रेलवे लाइन के समानांतर बिछाई जा रही नई रेलवे लाइन पर बने नए पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया। शव देखकर गैंगमैन ने तत्काल इसकी सूचना लूसा रेलवे स्टेशन अधीक्षक को दी। इसके बाद स्टेशन के उप अधीक्षक ने राजगढ़ थाने को मामले से अवगत कराया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मृतक के मुंह, नाक और आंख से खून निकल रहा था, जिससे ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया है। इस संबंध में राजगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि रेलवे लाइन के पुल के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *